Homeमध्यप्रदेशग्वालियर में दो सड़क हादसों में 2 की मौत:बुजुर्ग ने घर फोन...

ग्वालियर में दो सड़क हादसों में 2 की मौत:बुजुर्ग ने घर फोन कर कहा था-5 मिनट में आ रहा हूं, फिर मिली मौत की खबर

ग्वालियर के ट्रांसपोर्ट नगर में केनरा बैंक के सामने शनिवार रात सड़क हादसे में पैदल जा रहे बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार आयशर ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे से कुछ देर पहले ही बुजुर्ग ने घर पर फोन कर कहा था, ‘पांच मिनट में आ रहा हूं।’ परिजन उनका इंतजार करते रह गए, लेकिन घर पहुंचने से पहले ही उनकी मौत की खबर आ गई। घटना ट्रांसपोर्ट नगर, बहोड़ापुर की है। पुलिस ने शव को निगरानी में लेकर मर्ग कायम कर लिया है। तेज रफ्तार आयशर ट्रक ने मारी टक्कर, मौके पर ही मौत पुलिस के मुताबिक, माधव नगर गल्ला मंडी के पास रहने वाले मुन्ने खां पुत्र मुल्ले खां ट्रांसपोर्ट नगर स्थित पंडित ट्रांसपोर्ट के गोदाम में मजदूरी करते थे। शनिवार रात वह केनरा बैंक के सामने पार्किंग नंबर-1 के पास पैदल जा रहे थे। इसी दौरान आयशर ट्रक (MP 07 GA-9799) के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मुन्ने खां की मौके पर ही मौत हो गई। दादा का फोन आया था, बोले- 5 मिनट में आता हूं हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के नाती सोनू खान अपने मौसेरे भाई के साथ थाने पहुंचे। सोनू ने बताया कि हादसे से ठीक पांच मिनट पहले ही दादाजी का फोन आया था। उन्होंने कहा था कि ‘5 मिनट में घर आ रहा हूं’, लेकिन वे घर नहीं लौटे। इसके बजाय परिजन को पुलिस के जरिए उनकी मौत की खबर मिली। पंचर टायर बदल रहे ड्राइवर को पिकअप ने रौंदा, मौत ग्वालियर के इमली नाका-डबरा हाईवे पर शनिवार देर रात एक और सड़क हादसा हुआ। दतिया से कबाड़ भरकर ग्वालियर लौट रही आयशर गाड़ी का टायर पंचर हो गया था। चालक अनिल शर्मा (35) और उसका साथी अंकित जाटव (20) सड़क किनारे गाड़ी खड़ी कर टायर बदल रहे थे। इसी दौरान पीछे से आई तेज रफ्तार पिकअप ने दोनों को टक्कर मार दी। हादसे में अनिल शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अंकित गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे ग्वालियर रेफर किया गया। पुलिस ने दोनों मामलों में केस दर्ज कर वाहनों को जब्त कर लिया है और फरार चालकों की तलाश शुरू कर दी है।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here