ग्वालियर के पड़ाव थाना क्षेत्र में एनसीसी की बाउंड्रीवॉल के पास शनिवार सुबह एक बुजुर्ग का शव मिला है। मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। करीब 65 वर्षीय बुजुर्ग भिखारी जैसा दिखाई दे रहा है। उसकी हीट स्ट्रोक से मौत होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि सही वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पड़ाव थाना पुलिस के अनुसार शनिवार सुबह सूचना मिली थी कि एनसीसी बाउंड्रीवॉल के पास एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पता चला कि व्यक्ति की मौत हो चुकी थी। दुकानदारों और राहगीरों से मृतक की पहचान कराने का प्रयास पुलिस ने आसपास के दुकानदारों और राहगीरों से मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन कोई भी उसके बारे में जानकारी नहीं दे सका। मृतक की जेब से भी ऐसा कोई दस्तावेज, मोबाइल या अन्य सामान नहीं मिला है, जिससे उसकी पहचान हो सके। पुलिस के मुताबिक मृतक ने नीले रंग की शर्ट और कत्थई रंग का लोअर पहन रखा था। उसके चेहरे पर दाढ़ी के बाल पूरी तरह सफेद हैं। उसका हुलिया मांगकर खाने वाले व्यक्ति जैसा नजर आ रहा है। गर्मी से मौत की आशंका, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार इन दिनों ग्वालियर और आसपास के क्षेत्रों में तेज गर्मी पड़ रही है। पुलिस को आशंका है कि खुले में रहने और गर्मी व पानी की कमी के कारण बुजुर्ग की मौत हुई हो सकती है। हालांकि मौत का सही कारण हार्ट अटैक, बीमारी या हीट स्ट्रोक है, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा। बता दें कि ग्वालियर में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 3.7 डिग्री ज्यादा रहा। गुमशुदगी की जानकारी जुटाई जा रही पुलिस ने शव को पंचनामा कार्रवाई के बाद डेड हाउस में रखवा दिया है। साथ ही आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि मृतक की पहचान हो सके। पड़ाव थाना प्रभारी शैलेन्द्र भार्गव ने बताया कि एनसीसी बाउंड्रीवॉल के पास एक बुजुर्ग का शव मिला है। मौत के कारणों का अभी पता नहीं चला है। पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, जिसके बाद स्थिति स्पष्ट होगी।
