ग्वालियर में ई-रिक्शा में गहने चोरी की एक और वारदात सामने आई है। सगाई में मिली बेटे-बहू की डायमंड रिंग टाइट कराने सराफा बाजार जा रहीं महिला का गहनों से भरा पाउच एक युवती चोरी कर ले गई। युवती सफेद सूट पहने थी और चुनरी से चेहरा ढके हुए थी। वह महिला के पास बैठकर बातचीत में उलझाती रही और मौका पाकर बैग में रखा गहनों का पाउच निकाल लिया। वारदात रविवार दोपहर करीब 1 बजे सेवा नगर पार्क से जीडीए ऑफिस के बीच हुई। सोमवार को घटना के सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए हैं। घटना के बाद युवती फूलबाग पेट्रोल पंप के पास उतरकर चली गई। उसके उतरने के बाद महिला ने बैग देखा तो गहने गायब थे। सूचना मिलते ही पुलिस को शिकायत दी गई। चोरी हुई अंगूठी दो दिन पहले ही सगाई में मिली थी। तुलसी विहार कॉलोनी, सेवा नगर निवासी उमेश यादव के घर दो दिन पहले सगाई का कार्यक्रम हुआ था। समारोह में उनके बेटे और बहू ने एक-दूसरे को डायमंड की अंगूठी पहनाई थी। अंगूठी ढीली होने के कारण उमेश की पत्नी छाया यादव (45) रविवार दोपहर अपनी बड़ी बहन विनय यादव और जेठानी सुधा यादव के साथ सराफा बाजार जाने निकलीं। अंगूठी सुधा यादव के पर्स में रखी थी। सेवा नगर पार्क से तीनों ने ई-रिक्शा लिया। पीछे की एक सीट पर छाया और विनय बैठीं, जबकि दूसरी सीट पर सुधा पर्स लेकर बैठीं। करीब 100 मीटर चलने के बाद एक युवती आकर सुधा के पास बैठ गई। वह सफेद सूट में थी और चेहरा ढका हुआ था। बातों में उलझाकर की चोरी ई-रिक्शा में बैठने के बाद युवती बातचीत करने लगी। रास्ते में एक ऊंची इमारत देखकर उसने चक्कर आने की बात कही। महिलाएं उसकी मदद करने लगीं। इसी दौरान उसने मौका पाकर सुधा यादव के पर्स से छोटा पाउच निकाल लिया और जीडीए ऑफिस के पास उतरकर चली गई। कुछ दूर बाद चला पता कुछ देर बाद छाया यादव को शक हुआ जब युवती जल्दी-जल्दी वहां से निकल गई। उन्होंने सुधा से पर्स चेक करने को कहा तो छोटा पाउच गायब मिला। उसमें हीरे की अंगूठी रखी थी। इसके बाद परिजनों को सूचना देकर वे सीधे पड़ाव थाने पहुंचीं और शिकायत दर्ज कराई। सीसीटीवी में दिखी युवती पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो जिस जगह से युवती ई-रिक्शा में बैठी थी, वहां की फुटेज मिल गई। उसमें युवती ई-रिक्शा में बैठते और जीडीए ऑफिस तक जाते दिखाई दे रही है। पुलिस फुटेज के आधार पर संदेही युवती की तलाश कर रही है। संदेही युवती की कर रहे तलाश पड़ाव थाना प्रभारी शैलेंद्र भार्गव ने बताया कि ई-रिक्शा में डायमंड रिंग चोरी होने की शिकायत मिली है। सीसीटीवी फुटेज में एक संदेही युवती दिखाई दी है। उसकी तलाश की जा रही है।
