मुरैना में शादी समारोह से घर लौट रहे कृष्णा गुर्जर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात अंबाह बाईपास स्थित हरिविलास पैलेस के पास हुई। कृष्णा जैसे ही समारोह से निकलकर घर जाने लगा, पहले से घात लगाकर बैठे बाइक सवार 3 हमलावरों ने उस पर एक के बाद एक 5 गोलियां चला दीं। गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद तीनों आरोपी बाइक से फरार हो गए। मामला 23-24 नवंबर की रात का है। मृतक कृष्णा गुर्जर होला पुरा का रहने वाला था। वह हरिविलास पैलेस में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने आया था। समारोह से निकलकर घर जाने के दौरान अंधेरे में पहले से मौजूद हमलावरों ने उसे निशाना बनाया। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने कुल 5 फायर किए। पुरानी रंजिश में हत्या की आशंका शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका है। पुलिस के अनुसार, कृष्णा और दूसरे पक्ष के बीच पहले से विवाद चला आ रहा था। इस मामले में भानु गुर्जर निवासी जनकपुर, श्यामू गुर्जर निवासी जनकपुर और उनके एक अन्य साथी पर हत्या का आरोप लगाया जा रहा है। शुरुआती जानकारी में दोनों पक्षों के आदतन अपराधी होने की बात भी सामने आई है। हालांकि, इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। आरोपियों की तलाश में पुलिस सीएसपी कवीन्द्र सिंह चौहान ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पुराना विवाद था। कृष्णा शादी समारोह से घर जा रहा था, तभी पहले से घात लगाकर बैठे तीन बदमाशों ने उस पर गोलियां चलाकर हत्या कर दी। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
