निर्माणाधीन इंदौर-एदलाबाद नेशनल हाईवे के धनगांव-बलवाड़ा सेक्शन में मोरटक्का-बड़वाह के बीच नर्मदा नदी पर 1275 मीटर (1.27 किमी) लंबे और 30 स्पान वाले 6-लेन आइकॉनिक ब्रिज का काम पूरा हो चुका है। एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर आशीष बिरला के अनुसार इसे 31 जनवरी 2027 तक पूरी तरह वाहनों के लिए खोलने का लक्ष्य है। फिलहाल ब्रिज के एक हिस्से से सीमित आवागमन जारी है, जबकि रविवार को खंडवा की ओर आने वाले बाएं हिस्से को बंद कर जॉइंट्स की सुरक्षा के लिए रबर पैकिंग की गई। इस ब्रिज से पुराने नर्मदा पुल पर लगने वाले जाम से निजात मिलेगी और खंडवा-इंदौर, महाराष्ट्र (इच्छापुर-एदलाबाद) जाने वाले यात्रियों व ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के श्रद्धालुओं का सफर सुगम होगा।
