रीवा के चोरहटा थाना क्षेत्र में गुरुकुल निजी विद्यालय के हॉस्टल में मंगलवार सुबह 13 साल के छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। छात्र रात में अपने रूम पार्टनर के साथ कमरे में सोया था, लेकिन सुबह नींद से नहीं उठा। काफी देर तक उसके नहीं जागने पर हॉस्टल प्रबंधन को जानकारी दी गई। इसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक की पहचान सूर्यांश गुप्ता के रूप में हुई है। वह जवा क्षेत्र का रहने वाला था और गुरुकुल विद्यालय में कक्षा छठवीं में पढ़त था। छात्र की अचानक मौत की खबर से परिवार सदमे में है। शरीर पर नहीं मिले चोट के निशान संजय गांधी अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक, छात्र के शरीर पर कहीं भी चोट के निशान नहीं मिले हैं। उसे पहले से कोई स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने की जानकारी भी सामने नहीं आई है। डॉक्टरों ने शुरुआती जांच में कार्डियक अरेस्ट की आशंका जताई है। हालांकि, मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगी।
