दमोह के चैनपुरा में तेज आवाज में गाने बजाने से रोकना एक वृद्ध को भारी पड़ गया। साउंड बंद कराने की बात पर चार युवकों ने उन्हें घेर लिया और बेल्ट से करीब आधे घंटे तक पीटा। मारपीट के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। किसी ने घटना का वीडियो बना लिया, जो गुरुवार दोपहर सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसके बाद कोतवाली पुलिस ने चारों युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी। चाकू लेकर पहुंचे थे वृद्ध, युवकों ने घेरकर पीटा घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के बजरिया वार्ड-4 की है। बताया गया कि चैनपुरा में कुछ लोग तेज आवाज में गाने बजा रहे थे। वृद्ध ने उनसे साउंड बंद करने को कहा, लेकिन वे नहीं माने। इसके बाद वृद्ध घर से सब्जी काटने वाला चाकू लेकर पहुंचे। चाकू देखकर साउंड बजा रहे युवकों ने उन्हें घेर लिया और बेल्ट से मारपीट शुरू कर दी। बताया गया कि मारपीट करीब आधे घंटे तक चलती रही। इस दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। किसी ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया। शिकायत करने पहुंचे थे युवक, तभी वायरल हुआ वीडियो बताया गया कि मारपीट करने वाले युवक पहले वृद्ध के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने कोतवाली पहुंचे थे। इसी दौरान घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में चारों युवक वृद्ध को पीटते दिखाई दिए। इसके बाद पुलिस ने युवकों के खिलाफ कार्रवाई की। कोतवाली टीआई मनीष कुमार ने बताया कि चार युवकों के खिलाफ मारपीट की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
