Homeछत्तीसगढ़गड़े धन के लिए 21-नरबलि की थी तैयारी:4 मौतों के बाद शांति...

गड़े धन के लिए 21-नरबलि की थी तैयारी:4 मौतों के बाद शांति पूजा कराने वाले बैगा की गई जान; 3 महीने में 8 मौतें

छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के कसडोल में पिछले तीन महीनों में हुई 8 रहस्यमयी मौतों से पूरे इलाके में दहशत है। ग्रामीणों की मांग पर पुलिस ने 7 शवों को कब्र से निकलवाकर पोस्टमॉर्टम और फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा है। इन मौतों को लेकर गांव में तंत्र-मंत्र, गड़ा धन और मानव बलि की आशंकाओं को लेकर चर्चाएं हैं। मौत का कारण जानने के लिए दैनिक भास्कर की टीम ग्राम खर्वे पहुंची, जहां हर तरफ खामोशी थी। ग्रामीणों ने बताया कि जब लगातार 4 लोगों की मौत हुई तो गांव में शांति पूजा कराई गई, जिसमें 3 बकरों, 1 सुअर और कई मुर्गों की बलि दी गई। फिर भी मौतों का सिलसिला नहीं थमा। गांव में शांति पूजा कराने वाले बैगा से लेकर सामाजिक रूप से सक्रिय लोगों की जान चली गई। ग्रामीणों ने दावा किया कि जमीन में गड़े धन के लिए 21 नरबलि की तैयारी थी। इसके पीछे की कहानी, जो ग्रामीणों ने बताई, ग्राउंड रिपोर्ट में पढ़िए… पहले देखिए ये तस्वीरें… 6 फरवरी से 14 मई तक 8 लोगों की मौत खरवे गांव में संदिग्ध मौतों का सिलसिला 6 फरवरी 2026 को बद्री पटेल की मौत से शुरू हुआ। इसके बाद 20 फरवरी को बुढालू साहू की जान चली गई। मार्च महीने में 12 मार्च को बुधराम जायसवाल, 20 मार्च को छत्तूराम साहू और 31 मार्च को विनोद साहू की मौत हो गई। इसके बाद 28 अप्रैल को गजानंद मांझी और 29 अप्रैल को चैतूराम साहू की मौत हो गई। सबसे हालिया मौत 14 मई को महेतरू साहू की हुई। महज 3 महीने के अंदर एक ही गांव में 8 लोगों की मौत के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण कसडोल थाने पहुंचे थे। ग्रामीणों का दावा- 21 बलि की थी तैयारी मृतक छत्तूराम साहू के भाई और विनोद साहू के चाचा कामता प्रसाद ने आरोप लगाया कि जिन लोगों की मौत हुई, उन्हें अलग-अलग समय पर रामसहाय जायसवाल ने शराब दी थी। उनका दावा है कि शराब पीने के कुछ समय बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई और बाद में उनकी मौत हो गई। कामता प्रसाद ने बताया कि गांव में लगातार हो रही मौतों के बाद चर्चा है कि गड़े धन को पाने के लिए 21 लोगों की बलि देने की योजना बनाई गई थी। ग्रामीणों के बीच यह बात भी कही जा रही है कि अब तक 8 लोगों की मौत हो चुकी है और 13 लोग बाकी हैं। उन्होंने दावा किया कि जिन लोगों की मौत हुई, उन्हें सीधे रामसहाय जायसवाल ने या फिर किसी अन्य व्यक्ति के माध्यम से शराब उपलब्ध कराई थी। शांति पूजा कराने वाले बैगा की मौत गजानंद मांझी की मौत को लेकर गांव में सबसे ज्यादा चर्चाएं हैं। गजानंद ने गांव में शांति पूजा कराई थी। परिवार वालों ने दावा किया है कि घटना वाले दिन उन्हें शराब दी गई थी। गजानंद की पत्नी साधिन बाई मांझी ने बताया कि उनके पति दोपहर में घर पर सो रहे थे। इसी दौरान मोहनलाल जायसवाल शराब लेकर पहुंचे और उन्हें जगाया। बाद में गजानंद ने कोल्ड ड्रिंक में शराब मिलाकर पी। शराब पीने के कुछ देर बाद उन्होंने रोटी का निवाला मुंह में रखा और अचानक जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। ग्रामीण मोहनलाल जायसवाल ने बताया कि जो शराब मांझी ने पी थी उसे रामसहाय जायसवाल ने अपनी दुकान पर बुलाकर दी थी और शराब गजानंद मांझी को देने के लिए कहा गया था। कार्तिक के बयान से जुड़ने लगीं कड़ियां गांव में लगातार हो रही मौतों के बीच मेहतरू साहू की मौत के बाद ग्रामीणों ने एक बैठक बुलाई। बैठक में मौतों के कारणों को लेकर चर्चा हुई तो एक-एक कर कई घटनाओं की कड़ियां जुड़ने लगीं। इसी दौरान कार्तिक कुम्हार का मामला सामने आया, जो संदिग्ध परिस्थितियों में बीमार होने के बावजूद बच गया था। पूछताछ में कार्तिक ने बताया कि 14 अप्रैल को उसके दोस्त प्रमोद साहू ने उसे शराब दी थी। शराब पीते ही उसे उसका स्वाद कड़वा लगा। कुछ ही देर में उसके पेट में तेज दर्द शुरू हो गया, उल्टियां होने लगीं और वह बेहोश हो गया। बाद में प्रमोद ने ग्रामीणों को बताया कि यह शराब उसे रामसहाय जायसवाल ने दी थी। प्रमोद ने खुद शराब नहीं पी और वही शराब कार्तिक को दे दी थी। कार्तिक के बयान और अन्य घटनाओं के एक जैसे पैटर्न को देखकर ग्रामीणों ने रामसहाय जायसवाल पर संदेह जताया और जांच की मांग शुरू कर दी। घर-दुकान में नहीं मिले रामसहाय, बेटा बोला- वे फरार नहीं ग्रामीणों के आरोपों के बाद भास्कर की टीम रामसहाय के घर और दुकान पहुंची। लेकिन वे नहीं मिले। तभी रामसहाय के बेटे से बातचीत हुई, जिसमें उसने बताया कि वे घर और दुकान आते-जाते रहते हैं। फरार नहीं हैं। रामसहाय के बेटे रुद्रेश्वर ने भास्कर से बातचीत में कहा ‘पुलिस ने मेरे पिता का बयान दर्ज कर उनका मोबाइल जब्त कर लिया है। पिता सभी आरोपों को गलत बता रहे हैं, लेकिन पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में जो भी सच सामने आएगा, हम उसे मानेंगे। अगर जांच में किसी की भी भूमिका साबित होती है, तो कानून अपना काम करे। गांव के मुख्य गुड़ी चौक पर है रामसहाय की दुकान रामसहाय जायसवाल का घर और किराना दुकान खर्वे गांव के मुख्य गुड़ी चौक में स्थित है, जिसे गांव का सबसे व्यस्त और प्रमुख जगह माना जाता है। ग्रामीणों के अनुसार नदी, खेत और अन्य दैनिक कार्यों के लिए आने-जाने वाले अधिकांश लोगों का रास्ता इसी चौक से होकर गुजरता है। चौक में दुकान होने के कारण रामसहाय का गांव के लोगों से नियमित संपर्क रहता था। ग्रामीण बताते हैं कि वह अक्सर दुकान या घर के सामने से गुजरने वाले लोगों को आवाज देकर बुलाता था और उनसे बातचीत करता था। यही वजह है कि गांव के लगभग सभी लोग उसे अच्छी तरह जानते और पहचानते हैं। गांव ने बनाई दूरी, बंद पड़ी है दुकान घटना के बाद गांव में रामसहाय के परिवार के प्रति नाराजगी का माहौल है। ग्रामीणों ने परिवार से दूरी बना ली है और बातचीत तक बंद कर दी है। किराना दुकान पर भी लोगों ने खरीदारी करना बंद कर दिया है। ग्रामीणों के इस रवैये के बाद रामसहाय ने फिलहाल अपनी दुकान बंद कर रखी है। रामसहाय के बेटे ने महेतरू को अस्पताल पहुंचाया था 14 मई को महेतरू साहू नदी में नहाने गया था। उसी दौरान रामसहाय जायसवाल का बेटा रुद्रेश्वर भी वहां मौजूद था। नहाते समय महेतरू की अचानक तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गया। हालत गंभीर होता देख रुद्रेश्वर ने अन्य लोगों की मदद से उसे तुरंत बाइक पर बैठाकर अस्पताल पहुंचाया। हालांकि इलाज के दौरान महेतरू साहू की मौत हो गई। ग्रामीणों ने बताया कि मेहतरु को भी रामसहाय जायसवाल ने आधी शराब पीने के लिए दी थी। ग्रामीण कबीर को मानने वाले, इसलिए दफनाए शव दरअसल, खर्वे गांव के लोग कबीर पंथ को मानते हैं। इसलिए वे शवों को जलाने के बजाय दफनाते हैं। पोस्टमॉर्टम के लिए इन्हीं कब्रों को दोबारा खोदा गया और जांच के बाद शवों को फिर से दफना दिया गया। एक ही पैटर्न पर हुईं मौतें मामले की जांच कर रहे कसडोल एसडीओपी के.के. वासनिक ने बताया कि सभी मौतों में एक ही तरह का पैटर्न देखने को मिला है। स्थानीय लोगों से पूछताछ में यह बात भी सामने आई है कि संदेही रामसहाय जायसवाल ने इन लोगों को शराब दी थी। इसी आधार पर जांच को आगे बढ़ाया गया है। पुलिस अब तक 7 शवों को कब्र से बाहर निकालकर पोस्टमॉर्टम (PM) और फोरेंसिक जांच के लिए भेज चुकी है। सभी विसरा और सैंपल्स की जांच कराई जा रही है। एसडीओपी के मुताबिक, फोरेंसिक और पीएम रिपोर्ट आने का इंतजार है। जैसे ही पुख्ता तथ्य और साक्ष्य सामने आएंगे, रामसहाय को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की जाएगी।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट खोलेगी 8 मौतों का राज खर्वे गांव में हुई रहस्यमयी मौतों को लेकर जहां मृतकों के परिजन न्याय की उम्मीद लगाए बैठे हैं, वहीं आरोपों के घेरे में आए रामसहाय जायसवाल का परिवार भी जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है। 7 शवों का पोस्टमॉर्टम और फॉरेंसिक टेस्ट कराया जा चुका है। मृतकों के परिवारवालों का मानना है कि रिपोर्ट से मौतों की असली वजह सामने आएगी, जबकि रामसहाय का परिवार भी दावा कर रहा है कि जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, वही स्वीकार होंगे। ऐसे में पूरे गांव की नजर अब पोस्टमॉर्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट पर टिकी है। …………………… बलौदाबाजार में 8 रहस्यमयी मौत से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… 1. जमीन में गड़ा खजाना पाने बलि देने की आशंका:बलौदाबाजार में 8 मौतें, कब्र खोदकर निकाली गई लाश; ग्रामीण बोले- शराब में जहर मिलाकर पिलाया बलौदाबाजार जिले के एक गांव में पिछले कुछ महीनों में 8 लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। आरोप है कि गांव के एक व्यक्ति ने शराब में जहर मिलाकर इन लोगों को पिलाया, जिससे उनकी मौत हुई है। पढ़ें पूरी खबर 2. कब्र खोदकर 6 और शव निकाले गए,VIDEO:खजाने के लिए 8 लोगों को जहरीली शराब पिलाकर मारने की आशंका, फॉरेंसिक जांच के लिए भेजे सैंपल छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के खरवे गांव में पिछले 3 महीनों में 8 लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। आरोप है कि गांव के एक व्यक्ति ने शराब में जहर मिलाकर इन लोगों को पिलाया, जिससे उनकी मौत हुई है। मामला कसडोल थाना क्षेत्र का है। पढ़ें पूरी खबर 3. बलौदाबाजार में 8 लोगों की संदिग्ध मौत:कब्र खोदकर निकाले गए शव, मेकाहारा में चल रहा पोस्टमॉर्टम, रिपोर्ट आने के बाद खुलेगा मौतों का राज बलौदाबाजार जिले के कसडोल थाना क्षेत्र के खरवे गांव में पिछले तीन महीनों में हुई 8 संदिग्ध मौतों के मामले में जांच तेज हो गई है। कब्र से निकाले गए 6 शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए रायपुर के डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय (मेकाहारा) लाया गया। शवों के साथ मृतकों के परिजन भी रायपुर पहुंचे हैं। कड़ी निगरानी में पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया चल रही है। पढ़ें पूरी खबर

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here