Homeमध्यप्रदेशगड़े धन के लिए बेटी की हत्या, व्यापारी की नरबलि:तांत्रिकों के जाल...

गड़े धन के लिए बेटी की हत्या, व्यापारी की नरबलि:तांत्रिकों के जाल में फंस रहे लोग, एमपी में ऐसे मामले देश में सबसे ज्यादा

“खेत के नीचे करोड़ों का खजाना दबा है…”, “अदृश्य शक्तियां बलि मांग रही हैं…”, “एक आखिरी पूजा के बाद धन बरसने लगेगा…”। ऐसे झूठे दावे आज भी लोगों को अपने जाल में फंसा रहे हैं। गड़े धन का मिथक, तंत्र-मंत्र और रातो-रात अमीर बनने की चाह कई बार लोगों को ठगी से लेकर हत्या और नरबलि जैसे जघन्य अपराध तक पहुंचा रही है। मध्य प्रदेश में हाल के दिनों में सामने आए मामलों ने दिखाया है कि खजाने का सपना किस तरह लोगों की सोच पर हावी हो रहा है। कहीं लाखों रुपए की ठगी हुई तो कहीं तांत्रिक के बहकावे में पिता ने अपनी बेटी की ही हत्या कर दी। आखिर गड़े धन का यह मिथक कितना सच है और लोग इसके पीछे इतने अंधे क्यों हो जाते हैं? पढ़िए रिपोर्ट चार मामले, जिन्होंने चौंका दिया भोपाल: गड़े धन के लालच में बेटी की हत्या
भोपाल के सूखी सेवनिया क्षेत्र में 14 जुलाई 2026 को पुलिस ने चैन सिंह को अपनी 17 वर्षीय बेटी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, एक तांत्रिक ने उसे भरोसा दिलाया था कि उसके खेत में सोने-चांदी का खजाना दबा है। वो खजाने को निकाल सकता है। 2 अप्रैल की रात अनुष्ठान के दौरान तांत्रिक ने दावा किया कि लड़की के शरीर में “बाबा” आ गया है। उसे नहीं मारा गया तो पूरा परिवार खत्म हो जाएगा। अंधविश्वास में डूबे पिता ने बेटी के सिर पर डंडा मारकर। फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। शव को खेत में दफना दिया। 3 अप्रैल को मां ने बेटी के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। 7 मई को खेत की जुताई के दौरान उसका कंकाल मिला। जांच के बाद 14 जुलाई को पिता और उसके एक साथी को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि तांत्रिक की तलाश जारी है। रायसेन: “खजाना बलि मांग रहा है” कहकर व्यापारी की हत्या
रायसेन के गैरतगंज में गड़े धन की तलाश एक व्यापारी की जान ले गई। पुलिस के अनुसार, कथित तांत्रिक प्रहलाद साहू ने विजय जैन को विश्वास दिलाया कि परासिया नदी किनारे करोड़ों का खजाना दबा है और विशेष अनुष्ठान से उसे निकाला जा सकता है। 7 जुलाई को पूजा के दौरान तांत्रिक ने अचानक कहा- “धरती गर्म है… दफीना बलि मांग रहा है।” इसके बाद कुल्हाड़ी से विजय जैन की हत्या कर शव को रेत में दबा दिया गया। 13 जुलाई को शव का एक पैर बाहर दिखाई दिया, जिसके बाद मामला खुला। कॉल डिटेल के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। बालाघाट: गड़े धन के लिए घर में घुसे, महिला पर हमला
बालाघाट के किरनापुर में 12 जुलाई को 11 लोग रात में एक घर में घुस गए। एक कथित तांत्रिक ने दावा किया था कि महिला लीलाबाई महेश्वरे के घर में बिस्तर के नीचे गड़ा धन है। महिला की नींद खुल गई तो पकड़े जाने के डर से आरोपियों ने उसके चेहरे पर चाकू से कई वार कर दिए। खजाना नहीं मिला, इसलिए वे घर का सामान लूटकर भाग गए। पुलिस ने 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि वे गड़े धन के लालच में घर में घुसे थे। हालांकि उनके हाथ कुछ नहीं लगा। मंदसौर: नोटों की बारिश का झांसा देकर 12 लाख ठगे
मंदसौर में 20 जुलाई 2026 को पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया। उन पर आरोप था कि उन्होंने किसान गोपाल धाकड़ से गड़ा धन निकालने और नोटों की बारिश कराने का झांसा देकर करीब 12 लाख रुपए ठग लिए। आरोपी तंत्र-मंत्र और पूजा-पाठ के नाम पर अलग-अलग किस्तों में रकम लेते रहे। भूत-प्रेत का डर दिखाया और नरबलि का झूठा नाटक भी रचा। एक बार जंगल में पूजा के बाद नोटों की एक पोटली देकर घर भेजा, लेकिन उसमें केवल 20-20 रुपए के नोटों की गड्डियां निकलीं। तब पीड़ित को ठगी का पता चला और उसने पुलिस में शिकायत की। मध्य प्रदेश ऐसे अंधविश्वास में सबसे आगे
नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो के अनुसार, वर्ष 2024 में देशभर में टोना-टोटका (विचक्राफ्ट) से जुड़ी 54 हत्याएं दर्ज हुईं। इनमें अकेले मध्य प्रदेश में 17 मामले सामने आए, जो देश में सबसे अधिक हैं। दूसरे स्थान पर छत्तीसगढ़ रहा, जहां ऐसे 10 मामले दर्ज किए गए। शास्त्रों में तंत्र-मंत्र से अमीर बनने का कोई प्रमाण नहीं
दैनिक भास्कर ने इस विषय पर ज्योतिष और तंत्र साधना के जानकार डॉ. शिवओम दुबे शास्त्री से बात की। उनके अनुसार, प्राचीन समय में युद्ध या आक्रमण के दौरान लोग अपना धन जमीन में गाड़ देते थे, ताकि युद्ध या आक्रमण खत्म होने के बाद उसे निकाल सकें। समय के साथ यह लोक मान्यता बन गई कि ऐसे खजानों की रक्षा अदृश्य शक्तियां, नाग या आत्माएं करती हैं और विशेष तांत्रिक क्रियाओं से ही उन्हें प्राप्त किया जा सकता है। हालांकि, वे स्पष्ट कहते हैं कि शास्त्रों में गड़ा धन निकालने, नोटों की बारिश कराने या तंत्र-मंत्र से अचानक अमीर बनने का कोई प्रमाण नहीं मिलता। कुछ लोग लालच और अज्ञानता का फायदा उठाकर इसे ठगी का जरिया बना लेते हैं। ऐसे चलता है ये ठगी का पूरा खेल
आज सोशल मीडिया पर गड़े धन और तांत्रिक क्रियाओं से जुड़े सैकड़ों भ्रामक वीडियो मौजूद हैं। इन्हें देखकर लोग प्रभावित होते हैं और कथित तांत्रिकों के संपर्क में पहुंच जाते हैं। इसके बाद शुरू होता है ठगी और शोषण का सिलसिला।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here