खादी का नाम आते ही सफेद कुर्ता-पायजामा और पारंपरिक पहनावे की तस्वीर उभरती है, लेकिन अब यह पहचान बदल रही है। मध्यभारत खादी ग्रामोद्योग संघ ने युवाओं की पसंद को ध्यान में रखते हुए खादी का जींस फैब्रिक तैयार किया है। 100% सूती खादी से बने इस कपड़े की खासियत इसका मुलायमपन और मौसम के अनुकूल आराम है। संघ ने 14 रंगों में जींस फैब्रिक तैयार किया है, जिसे बाजार में अच्छी प्रतिक्रिया मिली है। पिछले एक साल में 18 लाख रुपए का कपड़ा बिक चुका है। अब संघ रेडीमेड खादी जींस बनाने की यूनिट शुरू करने की तैयारी में है। 14 रंगों में खादी जींस फैब्रिक, युवाओं की पसंद पर फोकस आमतौर पर जींस के कपड़े नीले और काले रंग में ज्यादा उपलब्ध होते हैं, लेकिन संघ ने खादी जींस फैब्रिक को 14 रंगों में तैयार किया है। इसमें सफेद, क्रीम, रॉयल ब्लू, ब्लैक और यलो सहित कई शेड्स शामिल हैं। युवाओं को ध्यान में रखकर तैयार किए गए इस फैब्रिक की बिक्री पिछले एक साल में 18 लाख रुपए तक पहुंच गई है। गर्मी में ठंडक, सर्दी में गर्माहट संघ का दावा है कि खादी जींस फैब्रिक मौसम के अनुसार आराम देता है। सूती रेशों से बने कपड़े में हवा का आवागमन बेहतर रहता है और पसीना सोखने की क्षमता भी होती है। इससे गर्मियों में पहनने पर आराम मिलता है। कपड़े की मुलायम बनावट त्वचा पर सहज महसूस होती है। संघ के मुताबिक, बार-बार धुलाई के बाद भी इसकी मुलायमता बढ़ती जाती है। जल्द शुरू होगी रेडीमेड जींस यूनिट अभी संघ खादी जींस का फैब्रिक बेच रहा है। ग्राहक अपनी पसंद और माप के अनुसार टेलर से जींस बनवा सकते हैं। अब संघ रेडीमेड जींस बनाने की यूनिट शुरू करने जा रहा है। इसके लिए चार बड़े हॉल तैयार किए गए हैं। यूनिट में प्रशिक्षित कारीगर युवाओं की पसंद के अनुसार अलग-अलग फिटिंग और डिजाइन की जींस तैयार करेंगे। ग्राहक अपनी पसंद के माप के अनुसार कस्टमाइज्ड जींस भी बनवा सकेंगे। 25 कारीगर 45 दिन में तैयार करते हैं कपड़ा खादी जींस फैब्रिक तैयार करने में धागे से लेकर बुनाई और रंगाई तक की प्रक्रिया शामिल है। संघ के अनुसार, एक बैच का कपड़ा तैयार करने में 25 कारीगरों को करीब 45 दिन लगते हैं। यह फैब्रिक बाजार में 750 रुपए प्रति मीटर की कीमत पर उपलब्ध है। मध्यभारत खादी ग्रामोद्योग संघ के सचिव रमाकांत शर्मा का कहना है कि खादी को आम लोगों और युवाओं की पहली पसंद बनाने के लिए यह पहल की गई है। रेडीमेड यूनिट शुरू होने के बाद खादी जींस की बिक्री और बढ़ने की उम्मीद है।
