खातेगांव टीआई दिलीप पुरी हत्याकांड में पुलिस ने शराब तस्करी नेटवर्क के सरगना राहुल जायसवाल की तीन बसें बुधवार को अलग-अलग जगहों से जब्त कीं। बसों में सवार यात्रियों को दूसरे वाहनों से उनके गंतव्य तक भेजा गया। पुलिस अब तस्करी नेटवर्क की आर्थिक और कारोबारी कड़ियों की जांच कर रही है। सूत्रों के मुताबिक, एक बस बिजवाड़, दूसरी कांटाफोड़ और तीसरी डबल चौकी से जब्त की गई। इनमें से दो बसें कांटाफोड़ थाने और एक डबल चौकी में खड़ी कराई गई है। पुलिस बसों के फिटनेस और परमिट से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है। हालांकि, पुलिस ने इस कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। दो आरोपियों के पैर में लगी गोली इससे पहले पुलिस ने फरार आयशर वाहन चालक गजेंद्र उर्फ अक्कू और उसके सह आरोपी धीरज को गिरफ्तार किया था। पुलिस के मुताबिक, दोनों ने अभिरक्षा से भागने और पुलिसकर्मियों के हथियार छीनकर हमला करने की कोशिश की। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई जवाबी कार्रवाई में दोनों के दाहिने पैर में गोली लगी। घायल आरोपियों को देवास जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर किया गया। गजेंद्र पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित था। वह घटना के बाद से फरार था और बुधवार को बरोठा थाना क्षेत्र में पकड़ा गया। वहीं, धीरज पर बैंक नोट प्रेस (BNP) थाना क्षेत्र में पुलिस अभिरक्षा से भागने की कोशिश करने का आरोप है। गुजरात में खरीददारों और फाइनेंसर की तलाश पुलिस कथित शराब तस्करी नेटवर्क के सरगना राहुल जायसवाल, मध्यस्थता कराने के आरोप में इंदौर के वकील विजय राव और वाहन उपलब्ध कराने वाले केरम सिंह को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। कोर्ट ने तीनों को सात दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है। पुलिस उनसे शराब की सप्लाई और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका को लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, कुछ टीमें गुजरात जा सकती हैं। जांच में सामने आया है कि गुजरात भेजने से पहले शराब बॉर्डर के पास एक जगह जमा की जाती थी। इसके बाद छोटे-छोटे स्लॉट में आगे भेजी जाती थी। पुलिस गुजरात में शराब खरीदने वालों के साथ कथित पार्टनर और फाइनेंसर मोहिन जायसवाल की तलाश करेगी। टिमरनी के तीन शराब ठेकों के दस्तावेज खंगालेंगे पुलिस की कुछ टीमें हरदा जिले के टिमरनी भी भेजी जाएंगी। यहां के तीनों शराब ठेकों के स्टॉक रजिस्टर, बिल-वाउचर, पार्टनर्स के बीच हुए लेनदेन और बैंक खातों सहित अन्य दस्तावेजों की जांच की जाएगी। 22 सदस्यीय SIT कर रही जांच मामले में हत्या, शासकीय कार्य में बाधा और आबकारी एक्ट सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है। जांच के लिए एएसपी सौम्या जैन के नेतृत्व में 22 सदस्यीय विशेष जांच टीम (SIT) गठित की गई है। पुलिस शराब की खरीद-फरोख्त, सप्लाई, फाइनेंसिंग और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही है। टीआई पुरी की स्मृति में बनेगा शहीद स्मारक एसपी आदित्य मिश्रा ने बताया कि कर्तव्य निर्वहन के दौरान वीरगति को प्राप्त हुए टीआई दिलीप पुरी की स्मृति में खातेगांव थाना परिसर में शहीद स्मारक बनाया जाएगा। —————- ये खबरें भी पढ़ें… 1. TI को ट्रक से कुचलने वाले ड्राइवर-क्लीनर का शॉर्ट एनकाउंटर देवास में TI दिलीप पुरी को आईसर से कुचलने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों के अलग-अलग जगह शॉर्ट एनकाउंटर किए हैं। दोनों ने पुलिस अभिरक्षा से भागने की कोशिश के दौरान पुलिसकर्मियों से बंदूक छीनी। पढ़ें पूरी खबर… 2. MP- शराब तस्करों ने ट्रक से कुचलकर TI को मार-डाला मध्य प्रदेश के देवास में अवैध शराब से भरे ट्रक ने खातेगांव TI दिलीप पुरी को कुचल दिया। वे रविवार रात तस्करी की सूचना पर कार्रवाई करने पहुंचे थे। अस्पताल में करीब दो घंटे तक CPR और इलाज किया गया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। पढ़े पूरी खबर…
