Homeमध्यप्रदेशखरना पूजा के साथ शुरू हुआ निर्जला व्रत:नए चूल्हे पर बनी गुड़...

खरना पूजा के साथ शुरू हुआ निर्जला व्रत:नए चूल्हे पर बनी गुड़ की खीर और रोटी; कल अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देंगे हजारों छठ व्रती

इंदौर में छठ महापर्व को लेकर पूर्वांचल समाज में उत्साह का माहौल है। चार दिवसीय महापर्व के दूसरे दिन शनिवार को व्रतियों ने खरना पूजा की। पूजा के बाद प्रसाद ग्रहण करते ही लगभग 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू हो गया। रविवार शाम व्रती शहर के 150 से अधिक छठ पूजा स्थलों पर पहुंचकर अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य देंगे। इसके अगले दिन सोमवार सुबह उगते सूर्य को दूसरा अर्घ्य अर्पित करने के साथ महापर्व का समापन होगा। खरना पूजा के लिए शनिवार को व्रतियों ने घरों में साफ-सफाई और स्नान के बाद पूरी शुद्धता के साथ प्रसाद तैयार किया। पारंपरिक रूप से नए चूल्हे पर गुड़ की खीर और रोटी बनाई गई। कुछ परिवारों में गन्ने के रस या दूध से खीर तैयार की गई। पूजा-अर्चना के बाद व्रतियों ने पहले प्रसाद ग्रहण किया और फिर परिवार के सदस्यों व अन्य लोगों में वितरित किया। खरना के साथ ही अन्न और जल का त्याग कर निर्जला उपवास शुरू हो गया। संतान की दीर्घायु और परिवार की सुख-समृद्धि के लिए करते हैं व्रत पूर्वांचल सांस्कृतिक संस्थान मध्यप्रदेश के प्रदेश महासचिव के.के. झा ने बताया कि छठ महापर्व संतान की दीर्घायु, परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और अच्छे स्वास्थ्य की कामना के लिए किया जाता है। चार दिनों तक चलने वाले इस पर्व में पवित्रता और सात्विकता का विशेष ध्यान रखा जाता है। पहले दिन नहाय-खाय में लौकी की सब्जी, चावल और चने की दाल बनाई जाती है। दूसरे दिन खरना, तीसरे दिन अस्ताचलगामी सूर्य और चौथे दिन उगते सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा है। उन्होंने बताया कि जिन घरों में छठ पूजा नहीं होती, वहां भी इन दिनों सात्विकता और पवित्रता का वातावरण रहता है। कल शाम अस्ताचलगामी सूर्य को देंगे पहला अर्घ्य महापर्व के तीसरे दिन रविवार शाम व्रती नदी, तालाब, सरोवर और अन्य प्राकृतिक एवं कृत्रिम जलकुंडों पर पहुंचेंगे। यहां कमर तक पानी में खड़े होकर सूर्यदेव को अर्घ्य दिया जाएगा। बांस के सूप और दउरा में फल, ठेकुआ, नारियल और गन्ना सहित पारंपरिक प्रसाद सजाया जाएगा। शहर में 150 से अधिक स्थानों पर छठ पूजा के आयोजन होंगे। इस दौरान परिवारों और श्रद्धालुओं की भागीदारी रहेगी। तीन दशक में 10 परिवारों से 150 से अधिक आयोजन स्थलों तक पहुंचा पर्व इंदौर में छठ महापर्व की शुरुआत 1990 के दशक में स्कीम 54, विजय नगर के एक कच्चे घाट पर लगभग 10 परिवारों ने मिलकर की थी। पूर्वांचल सांस्कृतिक संस्थान के पदाधिकारियों के अनुसार, पिछले तीन दशकों में इस पर्व का स्वरूप लगातार बढ़ा है। आज शहर में 150 से अधिक स्थानों पर छठ पूजा के आयोजन हो रहे हैं। बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश और झारखंड मूल के हजारों परिवार इस परंपरा से जुड़े हैं। सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देकर होगा पारण महापर्व के अंतिम दिन सोमवार सुबह व्रती छठ घाटों पर पहुंचकर उदीयमान सूर्य को दूसरा अर्घ्य देंगे। इसके बाद छठी मैया की पूजा-अर्चना कर पारण किया जाएगा। इसी के साथ लगभग 36 घंटे का निर्जला उपवास पूरा होगा और चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन होगा।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here