खरगोन में शहर के अधिष्ठाता भगवान श्री सिद्धनाथ महादेव का 58वां शिवडोला निकलना शुरू हो गया है। भगवान की राजसी पालकी मंदिर से बाहर निकलते ही मध्यप्रदेश पुलिस बैंड की टीम ने सलामी दी। भावसार मोहल्ले से शुरू हुए शिवडोले की श्रद्धालुओं ने गुलाब के फूलों की बारिश कर अगवानी की। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं। शिवडोले से पहले विधायक बालकृष्ण पाटीदार, कलेक्टर गुरु प्रसाद, एसपी रवींद्र वर्मा, शिवडोला समिति अध्यक्ष नवनीत भंडारी और सकल हिंदू समाज के सदस्यों ने महाआरती की। इसके बाद भगवान सिद्धनाथ महादेव की राजसी पालकी मंदिर से बाहर निकली। इस दौरान भक्तों ने ‘हर हर महादेव’ और ‘जय शिव शंभू’ के जयकारे लगाए। तस्वीरें देखें… 27 झांकियां और 9 नृत्य दल शामिल शिवडोले में 27 झांकियां, 9 नृत्य दल और 10 ढोल-ताशा व नगाड़ा पार्टियां शामिल हैं। इनमें 27 झांकियां भगवान महाकाल को समर्पित हैं। शिवडोले की सुरक्षा के लिए एक हजार से अधिक जवान और पुलिस अधिकारी तैनात किए गए हैं। SAF और QRF की कंपनियों के साथ 8 जिलों का पुलिस बल भी लगाया गया है। शिवडोला मार्ग पर करीब 350 CCTV कैमरों और 6 ड्रोन कैमरों से निगरानी की जा रही है। एसपी और कलेक्टर ने शिवडोला मार्ग का निरीक्षण भी किया। 15 घंटे में करीब 4 किमी का सफर शिवडोला करीब 15 घंटे में लगभग 4 किलोमीटर की दूरी तय करेगा। इसके बाद भावसार मोहल्ला स्थित सिद्धनाथ महादेव मंदिर लौटेगा। यहां महाआरती के बाद शिवडोले का समापन होगा। 30 किमी के दायरे में 23 शराब दुकानें बंद धार्मिक आयोजन को देखते हुए खरगोन से 30 किलोमीटर के दायरे में 23 सरकारी शराब दुकानों को बंद रखा गया है। कलेक्टर ने क्षेत्र में शुष्क दिवस घोषित किया है। भारी वाहनों पर पूरे दिन प्रतिबंध यातायात व्यवस्था के लिए शहर में 4 अस्थायी बस स्टैंड बनाए गए हैं। यात्री बसों के रूट डायवर्ट किए गए हैं। भारी वाहनों के प्रवेश पर पूरे दिन प्रतिबंध रहेगा। आस्था और श्रद्धा के चलते शहर के कई व्यापारियों ने भी अपने प्रतिष्ठान बंद रखे हैं और शिवडोले में शामिल हुए हैं।
