खंडवा में 12 और 13 जुलाई को आयोजित कांग्रेस के दो दिवसीय संयुक्त प्रशिक्षण शिविर में भाग लेकर लौटे बुरहानपुर के जिला अध्यक्ष, ब्लॉक अध्यक्ष और मंडलम अध्यक्षों का जिला कांग्रेस कार्यालय में स्वागत किया गया। शहर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रिंकू टाक के नेतृत्व में यह कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें प्रशिक्षण शिविर से लौटे पदाधिकारियों को सम्मानित किया गया और उन्हें प्रशिक्षण के प्रमाण पत्र वितरित किए गए। शिविर में प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, संगठन महामंत्री संजय कामले और प्रशिक्षण विभाग के प्रदेश उपाध्यक्ष महेंद्र जोशी सहित अन्य विशेषज्ञों ने मार्गदर्शन दिया। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना, मैदानी रणनीति बनाना, मतदाता सूची का प्रबंधन करना और सोशल मीडिया का प्रभावी उपयोग सिखाना था। शहर जिला अध्यक्ष रिंकू टाक ने बताया कि इस प्रशिक्षण का लक्ष्य कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक कार्यों, जनसंपर्क और सोशल मीडिया में कुशल बनाना था। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इसका लाभ संगठन के विस्तार और जनहित के कार्यों में मिलेगा। मीडिया प्रभारी तफज्जुल हुसैन मुलायमवाला ने जानकारी दी कि कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा, बूथ प्रबंधन और कांग्रेस की नीतियों को जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इस स्वागत कार्यक्रम में पश्चिम ब्लॉक अध्यक्ष योजना देवड़ा, जिला उपाध्यक्ष अमर यादव, हुजेफ़ा मुलायमवाल, शेख आरिफ, डॉ फिरोज बैग, शेख रुस्तम सहित कई मंडलम अध्यक्ष और बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। नेताओं ने संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की सक्रियता को कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत बताया।
