लखनऊ कोचिंग में आग की घटना के बाद भोपाल की कोचिंग क्लॉसेस को लेकर जिम्मेदार अलर्ट मोड पर है। इसके चलते गुरुवार को एमपी नगर स्थित करीब 6 कोचिंग का औचक निरीक्षण किया गया। एक कोचिंग में इमरजेंसी गेट सिर्फ 3 फीट का निकला। इस कोचिंग को सील कर दिया गया। इधर, गुरुवार तक नोटिस पाने वाले 61 संस्थानों में से करीब 40 ने ही 200 रुपए के न्यायिक स्टॉम्प पर शपथ पत्र के साथ फायर प्लान जमा किया, जबकि 21 ने कोई जवाब नहीं दिया। इनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई किए जाने की तैयारी है। इन कोचिंग में पहुंचा अमला फायर ऑफिसर सौरभ पटेल ने बताया कि एमपी नगर जोन-2 स्थित स्टेप अप कोचिंग क्लासेस, नेट मिंटोरा कोचिंग, ला पेग, आकाश कोचिंग एवं भोपाल एकेडमी का औचक निरीक्षण कर अग्नि सुरक्षा प्रबंधों की जांच की। वहीं, इस संबंध में पूर्व में जारी नोटिस के जवाब के संबंध में जानकारी प्राप्त की। निगम अमले ने स्टेप अप कोचिंग क्लासेस के संचालक द्वारा 2 दिन में अग्नि सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने का समय दिया। इसके अतिरिक्त निगम अमले ने नेट मिंटोरा कोचिंग क्लासेस व ला पेग कोचिंग क्लासेस को नोटिस का जवाब प्रस्तुत करने हेतु दो-दो दिन का समय प्रदान करते हुए नियत समयावधि में जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। नोटिस का जवाब न मिलने पर सील की कार्रवाई निगम अमले ने आकाश कोचिंग क्लॉसेस के संचालक द्वारा नोटिस का जवाब न देने पर कोचिंग को सील करने की कार्रवाई प्रारंभ की गई। जिस पर संचालक द्वारा तुरंत शपथ पत्र प्रस्तुत करने पर सील करने की कार्रवाई स्थगित की गई। निगम अमले ने भोपाल एकेडमी द्वारा नोटिस का जवाब न देने पर कोचिंग को सील करने की कार्रवाई की। फायर ऑफिसर पटेल ने बताया कि भोपाल एकेडमी में ही गेट करीब तीन फीट का मिला।
