अनूपपुर जिले के कोतमा थाना इलाके में शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे केवई नदी के द्विधारा घाट पर 54 वर्षीय रामपति साहू का शव मिला। वे पिछले 5 दिनों से लापता चल रहे थे और बिजुरी थाना क्षेत्र के तरसीली गांव के रहने वाले थे। रामपति साहू का शव सीतामढ़ी पिकनिक स्पॉट के पास कलधवा गांव के नजदीक नदी में बहता मिला। एक स्थानीय ग्रामीण की सूचना के बाद उनके बेटे ने कोतमा पुलिस को खबर दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा बनाया और शाम को पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। 5 दिनों से लापता थे मानसिक अस्वस्थ वृद्ध जांच अधिकारी प्रधान आरक्षक अजय तोमर के मुताबिक, परिजनों ने बताया कि रामपति साहू मानसिक रूप से अस्वस्थ थे। वे काम के सिलसिले में रोजाना तरसीली से छुलहा गांव पैदल आते-जाते थे और रास्ते में पड़ने वाली केवई नदी पार करते थे। वे पिछले 5 दिनों से लापता थे और परिजन उनकी तलाश में जुटे थे, हालांकि थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने को लेकर परिजनों ने कोई साफ जवाब नहीं दिया है। नदी में बहने से मौत की आशंका पुलिस को मृतक के शरीर पर कोई गंभीर चोट के निशान नहीं मिले हैं, लेकिन नदी में काफी दूर तक बहने के कारण शरीर पर खरोंचें आई हैं। आशंका जताई जा रही है कि नदी पार करते वक्त वे पानी के तेज बहाव में बह गए होंगे। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी।
