पाकिस्तान की ‘किडनी किलर’ गोरी क्रीम को लेकर “दैनिक भास्कर” के खुलासे के बाद इंदौर में सेंट्रल ड्रग्स स्टैंडर्ड कंट्रोल ऑर्गेनाइजेशन (CDSCO) ने कार्रवाई तो की, लेकिन अब इस मामले में एक नया सवाल खड़ा हो गया है। जिन दुकानदारों और डिस्ट्रीब्यूटर के यहां विभाग ने जांच की, उनका दावा है कि उनके पास मिली क्रीम पाकिस्तानी नहीं, बल्कि हरियाणा में बनी भारतीय कंपनी की पैंटा गोरी ब्यूटी क्रीम है। दुकानदारों ने इसके समर्थन में GST बिल, मैन्युफैक्चरिंग लाइसेंस, ब्रांड रजिस्ट्रेशन और लैब टेस्टिंग रिपोर्ट होने की बात कही है। दूसरी ओर, क्रीम की पैकेजिंग और नाम को लेकर पहले से उठ रहे सवालों ने जांच को और पेचीदा बना दिया है। पैकेट पर अंग्रेजी में Made in India की जगह उर्दू लिपि में ‘انڈیا’ लिखे होने की बात सामने आई है। नाम और पैकिंग में समानता भी संदेह बढ़ा रही है। हरियाणा का एड्रेस लिखा मिला ऐसे में अब जांच का दायरा केवल क्रीम में मौजूद हानिकारक तत्वों तक सीमित नहीं रह गया है। यह भी पता लगाना जरूरी है कि प्रोडक्ट का वास्तविक मेन्युफेक्चर कौन है, इसकी पैकेजिंग किसने तैयार की और बाजार में इसकी सप्लाई कहां से हो रही है। क्रीम पर “Penta Goree Cosmetics, 721, सेक्टर-1, हुडा, शाहाबाद मारकंडा, जिला- कुरुक्षेत्र, हरियाणा” का लिखा हुआ है। दुकानदारों की सफाई के बाद कॉस्मेटिक्स बाजार में भी हलचल है। व्यापारियों का कहना है कि बिना जांच के पूरे स्टॉक को पाकिस्तानी बताना सही नहीं है। हालांकि, उनके दावों की पुष्टि अभी विभागीय जांच और लैब रिपोर्ट से होना बाकी है। 315 पीस जब्त,देर रात तक चली जांच पद्मश्री एजेंसी के संचालक आशीष पाटनी के मुताबिक ड्रग विभाग की टीम गुरुवार शाम करीब 6 बजे उनकी एजेंसी पहुंची थी। टीम ने गोरी क्रीम के स्टॉक की जानकारी मांगी। उन्होंने उपलब्ध पूरा स्टॉक अधिकारियों के सामने रखा। पाटनी का दावा है कि उन्होंने कंपनी के बिल, GST बिल, ब्रांड रजिस्ट्रेशन, सर्टिफिकेट और अन्य दस्तावेज भी अधिकारियों को दिखाए। उनके मुताबिक जांच रात करीब 10:30 बजे तक चली। इस दौरान टीम ने कुल 315 पीस प्रॉडक्ट्स जब्त किए। अगले दिन उन्हें कोर्ट में बुलाया गया, जहां से अधिकारियों ने संबंधित प्रॉडक्ट्स की कस्टडी प्राप्त की। अब विभाग की ओर से प्रॉडक्ट्स के सैंपल की जांच कराई जाएगी। पाटनी का कहना है कि उनके यहां मुख्य रूप से पैंटा गोरी क्रीम का स्टॉक था, जिसका निर्माण हरियाणा में होता है। उन्होंने कंपनी के मैन्युफैक्चरिंग लाइसेंस, लैब टेस्टिंग रिपोर्ट और ब्रांड रजिस्ट्रेशन से जुड़े दस्तावेज उपलब्ध होने का दावा किया है। उनका कहना है कि एजेंसी ने इसी साल जनवरी से इस क्रीम का कारोबार शुरू किया था। कंपनी और उत्पाद के दस्तावेज देखने के बाद ही वितरण शुरू किया गया। महीने में मुश्किल से 100 से 125 पीस की बिक्री होती है। उनका दावा है कि बाजार में पाकिस्तानी गोरी क्रीम की बड़ी उपलब्धता या मांग देखने को नहीं मिली। रानीपुरा की दुकान से चार पीस सैंपल, तीन विभाग ले गया रानीपुरा के छोगालाल उस्ताद मार्ग स्थित कॉस्मेटिक दुकान के संचालक अलकेश वाधवानी ने भी क्रीम को भारतीय प्रॉडक्ट बताया है। उन्होंने उनकी दुकान पर पैंटा गोरी ब्यूटी क्रीम (Panta Gori Beauty Cream) बेची जा रही थी। इसका निर्माण हरियाणा में होने का दावा है। पैकेट पर निर्माता का पता, मैन्युफैक्चरिंग लाइसेंस नंबर और अन्य जानकारियां उपलब्ध हैं। वाधवानी के मुताबिक ड्रग इंस्पेक्टर वरुण कुमार राय के नेतृत्व में तीन अधिकारियों की टीम दुकान पर पहुंची थी। करीब दो घंटे तक जांच चली। इस दौरान टीम ने चार पीस सैंपल के लिए उपलब्ध कराने को कहा। दुकानदार के मुताबिक इनमें से तीन पीस विभाग अपने साथ ले गया और उन्हें विभागीय सील के साथ लिया गया। वाधवानी का कहना है कि उनके पास प्रॉडक्ट के बिल और GST बिल मौजूद हैं। उन्होंने अधिकारियों से किसी भी अधिकृत लैब में जांच कराने की बात कही है। उनका दावा है कि CCTV फुटेज में भी जांच की पूरी प्रक्रिया उपलब्ध है। उनका कहना है कि भारतीय प्रॉड्कट को पाकिस्तानी बताकर पेश किए जाने से व्यापारियों के बीच भ्रम की स्थिति बनी है। दुकानदारों की सफाई और जांच में उठ रहे सवाल दोनों व्यापारियों ने अपने-अपने स्तर पर प्रॉडक्ट को भारतीय बताते हुए दस्तावेज होने का दावा किया है, लेकिन उनकी सफाई से कई ऐसे सवाल भी सामने आए हैं, जिनका जवाब जांच के बाद ही मिल सकेगा। 315 पीस में कितनी क्रीम पाकिस्तानी थी? पद्मश्री एजेंसी से 315 पीस जब्त किए जाने की जानकारी है। संचालक का कहना है कि इसमें मुख्य रूप से हरियाणा में बनी पैंटा क्रीम थी। ऐसे में यह स्पष्ट होना जरूरी है कि जब्त स्टॉक में पाकिस्तानी क्रीम कितनी थी और भारतीय बताई जा रही क्रीम कितनी। जब्ती की उत्पादवार सूची से स्थिति साफ हो सकती है। पैकेट पर उर्दू में ‘انڈیا’ क्यों लिखा है? क्रीम की पैकेजिंग पर Made in India के बजाय उर्दू लिपि में ‘انڈیا’ लिखे होने का मामला संदेह पैदा कर रहा है। यदि उत्पाद वास्तव में हरियाणा में बना है तो पैकेजिंग पर इस तरह की भाषा और डिजाइन क्यों अपनाया गया? क्या यह मेन्युफेक्चरिंग की अधिकृत पैकेजिंग है या किसी अन्य बाजार के लिए तैयार पैकेट की नकल है? इसकी जांच जरूरी है। GST बिल हैं तो निर्माता और सप्लाई चेन की पुष्टि भी जरूरी दुकानदारों का कहना है कि उनके पास GST बिल हैं। लेकिन बिल से मुख्य रूप से खरीद-बिक्री का रिकॉर्ड सामने आता है। यह भी सत्यापित करना होगा कि बिल जारी करने वाली फर्म, वास्तविक निर्माता, मैन्युफैक्चरिंग लाइसेंस और पैकेट पर दर्ज पते का आपस में मेल है या नहीं। ब्रांड रजिस्ट्रेशन सुरक्षा की गारंटी नहीं डिस्ट्रीब्यूटर का कहना है कि ब्रांड भारत सरकार के अंतर्गत रजिस्टर्ड है। हालांकि ब्रांड का रजिस्ट्रेशन होना और उत्पाद का सुरक्षित होना दो अलग-अलग बातें हैं। क्रीम में कौन-कौन से केमिकल और तत्व हैं, इसकी पुष्टि लैब टेस्टिंग से ही होगी। कंपनी की लैब रिपोर्ट और विभाग की जांच में क्या निकलेगा? डिस्ट्रीब्यूटर का दावा है कि कंपनी के पास लैब टेस्टिंग रिपोर्ट मौजूद है। लेकिन अभी विभाग ने उत्पाद के सैंपल लेकर जांच की प्रक्रिया शुरू की है। यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि कंपनी की रिपोर्ट और सरकारी या अधिकृत लैब की रिपोर्ट में क्या समानता या अंतर सामने आता है। पाकिस्तानी क्रीम के एक-दो पीस मिलने की बात पाटनी का कहना है कि बाजार के कुछ स्थानों पर पाकिस्तानी क्रीम के एक-दो पीस मिलने की जानकारी है, लेकिन पूरा स्टॉक पाकिस्तानी नहीं था। ऐसे में यह पता लगाना जरूरी है कि ये पीस कहां से आए, किसने सप्लाई किए और इनकी खरीद का रिकॉर्ड क्या है। महीने में 100-125 पीस बिक्री का दावा डिस्ट्रीब्यूटर ने अपनी एजेंसी से महीने में करीब 100 से 125 पीस की बिक्री बताई है। अब यह पता लगाना भी जरूरी है कि शहर में इस प्रॉडक्ट के कितने डिस्ट्रीब्यूटर और रिटेलर हैं। अलग-अलग दुकानों पर उपलब्ध स्टॉक और बिक्री के आंकड़े सामने आने पर इसकी वास्तविक पहुंच का अंदाजा लगेगा। किडनी डैमेज के मामलों ने बढ़ाई चिंता पाकिस्तान की गोरी क्रीम को लेकर चिंता इसलिए भी गंभीर है क्योंकि इससे जुड़े मामलों में महिलाओं की किडनी डैमेज होने की जानकारी सामने आई थी। पहले सामने आए खुलासे में 18 महिलाओं की किडनी प्रभावित होने का मामला चर्चा में आया था। ऐसे में इस तरह की क्रीम की बिक्री और उसकी वास्तविक संरचना की जांच महत्वपूर्ण है। व्यापारियों की ओर से पेश किए गए दस्तावेज अपनी जगह हैं, लेकिन जब तक क्रीम की लैब रिपोर्ट नहीं आती, तब तक न तो इसे पूरी तरह सुरक्षित माना जा सकता है और न ही केवल पैकेजिंग के आधार पर पूरे स्टॉक को पाकिस्तानी या हानिकारक घोषित करना उचित होगा। ये खबर भी पढ़ें… पाकिस्तान की ‘किडनी किलर’ ‘गोरी’ क्रीम के 300 पैकेट जब्त पाकिस्तान में बनी ब्यूटी क्रीम ‘गोरी’ की मध्यप्रदेश में धड़ल्ले से बिक्री का खुलासा दैनिक भास्कर ने किया था। अब इंदौर में रानीपुरा और छावनी स्थित दो ठिकानों पर कार्रवाई कर इसके 300 से ज्यादा पैकेट जब्त किए गए हैं। पहले रानीपुरा स्थित दुकान ‘द ब्यूटी बार’ से क्रीम के कुछ पैकेट जब्त किए गए। इसके बाद छावनी स्थित पद्मश्री एजेंसी पर कार्रवाई हुई।पूरी खबर पढ़ें
