खरगोन जिले के इंदौर रोड स्थित सैलानी बाईपास पर शनिवार रात करीब 8:30 बजे एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। इस दुर्घटना में कार की टक्कर के बाद बाइक में आग लग गई और वह पूरी तरह जलकर खाक हो गई। घटना की सूचना मिलते ही कसरावद थाना प्रभारी इन्द्रेश त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। दोनों शवों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया गया। पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान बिस्टान रोड निवासी जयंत वर्मा और खरगोन के औरंगपुरा निवासी लकी सोनकर के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि यह हादसा तेज रफ्तार कार की टक्कर से हुआ। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है और कार चालक की तलाश जारी है।
