सीहोर की अहमदपुर इंडेन ग्रामीण गैस एजेंसी के वाहन से परवलिया सड़क क्षेत्र में अवैध तरीके से गैस सिलेंडर सप्लाई करने के मामले में 68 सिलेंडर जब्त करने वाले सहायक आपूर्ति अधिकारी अशोक कुमार सत्यार्थी को कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने खाद्य शाखा से हटा दिया है। खास बात यह है कि जिस एडीएम प्रकाश नायक ने जब्त सिलेंडर और वाहन एजेंसी संचालक को सुपुर्दगी में लौटाने का आदेश दिया था, उन्हीं को सत्यार्थी के खिलाफ विभागीय जांच सौंपी गई है। यह कार्रवाई एजेंसी संचालक राजकुमार पचौरी की शिकायत पर हुई है। पचौरी ने सत्यार्थी पर अनावश्यक परेशान करने और गलत तरीके से फायदा लेने के उद्देश्य से कार्रवाई करने का आरोप लगाया था। कलेक्टर ने 12 नवंबर 2026 को आदेश जारी कर सत्यार्थी को तत्काल प्रभाव से कलेक्टर कार्यालय की निर्वाचन शाखा में अटैच किया है। जिला आपूर्ति नियंत्रक चंद्रभान सिंह जादौन को जांच में प्रस्तुतकर्ता अधिकारी बनाया है। उन्हें 3 महीने में जांच रिपोर्ट देनी होगी। जांच पूरी होने तक सत्यार्थी खाद्य शाखा का काम नहीं देखेंगे। निर्वाचन शाखा में कार्यभार संभालने के बाद ही उनका अगले महीने का वेतन जारी होगा। सत्यार्थी का आरोप : शिकायत करने वाले पर गैस चोरी के मामले सत्यार्थी के मुताबिक, उन्होंने परवलिया सड़क क्षेत्र में मातेश्वर तिवारी की गाड़ी पकड़ी थी। उस समय वाहन के दस्तावेज नहीं थे। तिवारी के खिलाफ गैस सिलेंडर चोरी के मामले पहले से चल रहे हैं। एक मामला कलेक्टर कोर्ट में है। सत्यार्थी का आरोप है कि तिवारी छोटे होटल, रेहड़ी और ठेला कारोबारियों को अवैध तरीके से गैस सिलेंडर सप्लाई करते हैं। उनके खिलाफ अवैध व्यापार का प्रकरण भी दर्ज है। 15 दिन पहले पकड़े थे 68 गैस सिलेंडर 15 दिन पहले सत्यार्थी ने परवलिया सड़क क्षेत्र में गैस एजेंसी के वाहन से 61 घरेलू और 7 व्यावसायिक सिलेंडर जब्त किए थे। वाहन गांधी नगर पुलिस को सौंपा गया था। एजेंसी संचालक ने कार्रवाई पर सवाल उठाए। बाद में एडीएम प्रकाश नायक के आदेश पर सेना के सहमति पत्र के आधार पर वाहन और सभी 68 सिलेंडर सुपुर्दगी में लौटा दिए। इस कार्रवाई पर सांसद आलोक शर्मा की नाराजगी भी सामने आई थी। सुपुर्दगी के बदले करीब 2 लाख सिक्योरिटी मनी जमा… खाद्य विभाग के मुताबिक, जब्त वाहन और सभी 68 सिलेंडर सुपुर्दगी में लौटाने के बदले एजेंसी संचालक से करीब 2 लाख रुपए सिक्योरिटी मनी जमा कराई गई है। सवाल यह है कि सुनवाई के बाद सेना के सहमति पत्र के आधार पर सिलेंडर लौटाने का आदेश देने वाले एडीएम प्रकाश नायक ही अब उन्हें जब्त करने वाले अधिकारी की विभागीय जांच करेंगे। ऐसे में शिकायत के आरोपों के साथ जब्ती, सुपुर्दगी और संबंधित फैसलों की प्रक्रिया भी महत्वपूर्ण होगी।
