कार्तिक माह में श्री महाकालेश्वर भगवान की पहली सवारी का एक वीडियो सामने आया है। पालकी में विराजित भगवान चन्द्रमोलेश्वर के हाथ में के हाथ में चिलम दिखाई दे रही है। चिलम में मादक पदार्थ होने का दावा भी किया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद श्रद्धालुओं ने नाराजगी जताई है। उज्जैन के पांच युवा भक्तों ने मंदिर समिति और कलेक्टर रोशन सिंह से शिकायत कर मामले की जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। 16 नवंबर को निकली सवारी के दौरान 15 पुलिसकर्मी और 12 से अधिक मंदिर के सुरक्षाकर्मी तैनात रहते हैं। यही नहीं मंदिर प्रशासक, सहायक प्रशासक और भी साथ चलते हैं। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि भगवान के हाथ में चिलम किसने रखी? खास बात यह है कि यह वीडियो महाकाल मंदिर समिति के आधिकारिक इंस्टाग्राम पेज पर भी अपलोड है। इसमें शिप्रा नदी के रामघाट पर पूजन के दौरान भी भगवान के हाथ में चिलम दिखाई दे रही है। देखें तस्वीरें… 5 श्रद्धालुओं ने की शिकायत, उठाए सवाल उज्जैन निवासी ईशान सिंह, आनंद त्रिवेदी, रौनक उज्जैनिया, लक्ष्य परिहार और विशाल शर्मा ने मंदिर समिति के साथ मंगलवार को जनसुनवाई में कलेक्टर को शिकायत दी। इसमें 16 नवंबर को कार्तिक-अगहन मास की पहली सवारी के दौरान रामघाट पर भगवान के स्वरूप के हाथ में चिलम जैसी वस्तु दिखाई देने का उल्लेख किया गया है। इसमें मादक पदार्थ भी नजर आ रहा है। उन्होंने इसे धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला बताते हुए पांच बिंदुओं में आपत्ति दर्ज कराई है। परंपरा की पवित्रता धूमिल होने की आशंका शिकायत में कहा है कि किसी भी धार्मिक ग्रंथ, अष्टादश पुराण, वैदिक ग्रंथ या शैव आगम में भगवान की पूजन परंपरा में मादक पदार्थों के अर्पण या प्रदर्शन का उल्लेख नहीं मिलता। ऐसी भ्रांतियों और अप्रामाणिक परंपराओं का मंदिरों या धार्मिक आयोजनों में प्रवेश चिंताजनक है। समय रहते इस पर ध्यान नहीं दिया गया, तो स्थिति और गंभीर हो सकती है, जिससे धार्मिक परंपराओं की पवित्रता प्रभावित होगी। नशामुक्ति अभियान के बीच गलत संदेश शिकायत में कहा है कि केंद्र और मध्यप्रदेश सरकार नशामुक्ति के लिए अभियान चला रही हैं। ऐसे में भगवान के स्वरूप के साथ मादक पदार्थ से जुड़ी वस्तु का प्रदर्शन युवाओं और समाज में गलत संदेश दे सकता है। इससे नशे को धार्मिक आस्था से जोड़कर देखने की धारणा बन सकती है। श्रद्धालुओं ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर चिलम रखने वाले व्यक्ति की पहचान की जाए। साथ ही आगामी सवारियों में भगवान के स्वरूप, पालकी और पूजन सामग्री की मर्यादा बनाए रखने के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी हों। इसमें शामिल लोगों और संबंधित कर्मचारियों के लिए आचार संहिता तय करने की मांग भी की गई है। पुजारियों ने कहा- सवारी में ऐसी परंपरा नहीं महाकाल मंदिर से जुड़े पुजारियों ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि मंदिर से निकलने वाली सवारी में भगवान को चिलम अर्पित करने की कोई परंपरा नहीं है। हालांकि, पुराने कुछ फोटो में भगवान शिव को भांग और चिलम के साथ दिखाया है। पुजारियों का कहना है कि सवारी में इस तरह चिलम दिखाई देना गंभीर मामला है। मंदिर समिति को इसका संज्ञान लेकर दोषियों पर कार्रवाई करनी चाहिए। पालकी के पास पुलिस, फिर कैसे पहुंची चिलम? घटना ने सवारी की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं। पालकी के आसपास पुलिसकर्मियों के साथ मंदिर के सुरक्षाकर्मी भी तैनात रहते हैं। इसके बावजूद किसने भगवान के हाथ में चिलम रखी और मौके पर मौजूद किसी भी सुरक्षाकर्मी की नजर उस पर क्यों नहीं पड़ी? श्रद्धालु इसकी जांच की मांग कर रहे हैं। रामघाट पर पूजन के दौरान भी नहीं हटाई सवारी जब शिप्रा नदी के रामघाट पहुंची, तब वहां पूजन और आरती का कार्यक्रम हुआ। इस दौरान भी भगवान के हाथ में चिलम दिखाई देती रही। सवाल यह है कि पूजन के दौरान मौजूद जिम्मेदारों ने इस पर ध्यान क्यों नहीं दिया और उसे हटाने की कोशिश क्यों नहीं की। मंदिर के इंस्टाग्राम पेज पर वीडियो सवारी का वीडियो महाकालेश्वर मंदिर के आधिकारिक इंस्टाग्राम पेज पर भी उपलब्ध है। इसी वीडियो के सामने आने के बाद युवाओं ने शिकायत दर्ज कराई है। अब मंदिर समिति की जांच और कार्रवाई पर सबकी नजर है।
