करवा चौथ पर गुरुवार शाम बड़वानी में मौसम बदल गया। शाम 7 बजे के बाद पहले बूंदाबांदी हुई, फिर करीब 20 मिनट तक तेज बारिश हुई। इसके बाद देर रात तक रुक-रुककर बूंदाबांदी होती रही। बारिश से सड़कों और निचले इलाकों में पानी भर गया, वहीं लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली। चक्रवात के असर से बदला मौसम दिनभर उमस और हल्की धूप के बाद शाम को आसमान में घने बादल छा गए। मौसम विभाग के मुताबिक, अरब सागर में सक्रिय अर्नब चक्रवात के असर से मध्य प्रदेश के कई जिलों में मौसम बदला है। बड़वानी में भी पिछले दो दिनों से बादल छाए हुए हैं। गुरुवार शाम हुई बारिश को भी इसी का असर बताया गया। चांद का इंतजार करती रहीं महिलाएं करवा चौथ पर व्रती महिलाएं दिनभर निर्जला व्रत रखती हैं और रात में चांद देखकर अर्घ्य देने के बाद व्रत खोलती हैं। शाम को महिलाएं पूजा की थाली तैयार कर छतों पर चांद का इंतजार करती दिखीं। घने बादलों के कारण चांद दिखने में देरी की आशंका के बीच कई जगह उसके निकलने को लेकर चर्चा होती रही। बुजुर्ग महिलाओं ने कहा कि बादल होने पर भी चांद का इंतजार कर पूजा की जाती है।
