सूखा, अल्पवर्षा तो कहीं अतिवृष्टि ने देशभर में खरीफ फसल सोयाबीन का गणित बिगाड़ दिया। महाराष्ट्र, कर्नाटक सहित अन्य दक्षिणी राज्यों में उत्पादन 32 से 45 % तक गिरा। वहीं मध्यप्रदेश में उत्पादन पिछले साल के मुकाबले 32.2 फीसदी बढ़कर 57.16 लाख मीट्रिक टन पहुंच गया। इसी के साथ प्रदेश ने फिर से देश के शीर्ष उत्पादक का दर्जा हासिल कर लिया है। बीच में यहां उत्पादन घटने से महाराष्ट्र अव्वल नंबर रहा था। देश में औसत उत्पादन 2.68 लाख टन कम रहा। वहीं अमेरिका, ब्राजील जैसे देशों में बंपर उत्पादन के बावजूद डॉलर महंगा व कस्टम ड्यूटी 38% तक होने से मुंबई पोर्ट पर सोयाबीन आयात 7900 से 8000 प्रति क्विंटल पड़ रहा। 300 रुपए ट्रांसपोर्टेशन जोड़कर प्लांटों को ये 8300 तक मिल रहा। यही वजह है इस बार क्षेत्रीय मंडियों में किसानों को सीजन में ही 7800 रुपए के एवरेज भाव मिल रहे। सोयाबीन प्रोसेसर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (SOPA) के मुताबिक मप्र में उज्जैन संभाग ने 22.38 लाख मीट्रिक टन, इंदौर ने 11.35 लाख मीट्रिक टन उत्पादन कर बड़ा योगदान दिया। खरीफ 2026 में देश में बुवाई रकबा 5% बढ़कर 117.73 लाख हेक्टेयर होने के बावजूद महाराष्ट्र, कर्नाटक और तेलंगाना में 7.02 लाख हेक्टेयर फसल सूखे से बर्बाद हो गई। गुजरात, राजस्थान भी मौसम से प्रभावित हुए। इससे राष्ट्रीय उत्पादन घटकर 107.93 लाख मीट्रिक टन रह गया। बल्कि व्यापारी तो कुल उत्पादन 86-90 लाख मीट्रिक टन ही मान रहे। सोयाबीन से निकलने वाले 80% डीओसी (खली) की ज्यादा खपत मुर्गी पालन (पोल्ट्री फीड) में है, क्योंकि प्रोटीन का अन्य कोई सस्ता विकल्प नहीं है। फसल चक्र बदला तो सभी भाव बढ़े,मक्का, मूंगफली भी दे रहे मुनाफा मालवा-निमाड़ और गुना-अशोकनगर के किसानों ने केवल सोयाबीन पर निर्भर रहने के बजाय फसल चक्र में बदलाव किया। मंदसौर-नीमच बेल्ट का रुझान मूंगफली की ओर बढ़ा, जबकि गुना-अशोकनगर-छिंदवाड़ा क्षेत्र में मक्का की बुवाई की। यदि सभी सोयाबीन ही बोते, तो देश में 120 लाख टन की बंपर पैदावार होकर भाव गिरते। रकबा बंटने से सोयाबीन की आपूर्ति संतुलित रही। वहीं मंडियों में मक्का और मूंगफली की मांग बने रहने से इन वैकल्पिक फसलों के भी अच्छे दाम हैं। किसानों की बात : 10 साल में तेल 120 % व डीओसी 44 % महंगे लेकिन फसल भाव वहीं थे, अब सही दाम किसान शिवनारायण धाकड़, सुभाष पाटीदार कहते हैं वर्ष 2015-16 में फसल भाव 4 हजार थे और इन 10 साल का औसत निकालें तो ये 5 हजार से ऊपर नहीं गए। सिर्फ वर्ष 2022 में कुछ दिनों के लिए 10 हजार गए और वापस 4200 आ गए थे। इसके मुकाबले सोयाबीन से बनने वाला तेल आज 140 रुपए किलो व डीओसी (खली) 45 रुपए किलो है। इनमें क्रमश: 120 % और 44 % वृद्धि हुई लेकिन फसल भाव वहीं थे। जबकि प्रति बीघा लागत बढ़कर 7500 रुपए व औसत उत्पादन 6 से घटकर 3 क्विंटल रह गया है। मेहनत जोड़ें तो कुछ नहीं मिलता था, अब सही दाम हैं। भास्कर एक्सपर्ट : प्लांटों में पुराना स्टॉक नहीं, उनकी खरीदी से बढ़े भाव मप्र में 32.2% बढ़कर 57.16 लाख मीट्रिक टन और राजस्थान में 48% वृद्धि से 9.47 लाख मीट्रिक टन सोयाबीन उत्पादन हुआ, जबकि महाराष्ट्र में 33.2% गिरावट (34.88 लाख मीट्रिक टन) के कारण वहां के प्लांट यहीं से खरीदी कर रहे हैं। सोया से 18-20% तेल व 80-82% डीओसी (खली) बनती है, जिसकी पोल्ट्री खपत 65 लाख टन पहुंचने से 40% निर्यात गिरावट का असर बेअसर रहेगा। डॉलर ₹93 पार होने, कस्टम सख्ती व अमेरिकी डील में आयात शर्तों में ढील न मिलने पर भाव 10 हजार तक जा सकते हैं। – संदीप लुक्कड़, सोया सप्लायर एवं मंडी व्यापारी
