कटनी के विलायत कलां में एक रेस्टोरेंट से 8 फीट लंबा विशालकाय सांप रेस्क्यू किया गया। मानसून की दस्तक के साथ ही वन्यजीवों के अपने प्राकृतिक आवास छोड़कर रिहाइशी इलाकों में आने के मामले बढ़ रहे हैं। घटना गुरुवार रात करीब 10 बजे विलायत कलां बस स्टैंड स्थित एक रेस्टोरेंट में हुई। अचानक एक अजगर रेस्टोरेंट में घुस आया, जिससे कर्मचारियों और ग्राहकों में अफरा-तफरी मच गई। सांप लगातार फुफकार मार रहा था, जिससे वहां मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। सर्प मित्र ने रेस्क्यू कर वन क्षेत्र में छोड़ा स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय नागरिकों ने तत्काल सर्प मित्र नीरज उपाध्याय को सूचना दी। सूचना मिलते ही नीरज उपाध्याय बिना देर किए मौके पर पहुंचे। रेस्टोरेंट में छिपे फुर्तीले और भारी-भरकम सांप को पकड़ना चुनौतीपूर्ण था। कई घंटों की कड़ी मशक्कत और सूझबूझ के बाद सर्प मित्र ने सांप का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया। सांप के पकड़े जाने के बाद रेस्टोरेंट संचालक और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। रेस्क्यू किए गए सांप को बाद में मानव आबादी से दूर सुरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ दिया गया।
