बैतूल जिले में 8 पटवारियों को शासकीय कार्यों में लापरवाही के आरोप में निलंबित किया गया। यह कार्रवाई 6 अनुविभागीय क्षेत्रों में हुई। फसल गिरदावरी, फार्मर आईडी, वसूली, सीएम हेल्पलाइन, स्वामित्व योजना, प्रधानमंत्री आवास और आधार ई-केवाईसी जैसे कामों में कम प्रगति निलंबन की वजह बनी। यह कार्रवाई ऐसे समय हुई, जब पटवारी ऑनलाइन राजस्व काम बंद कर विरोध जता रहे हैं। वे शासन के व्हाट्सऐप ग्रुप से भी बाहर हो गए। उनकी मुख्य मांग है कि उन्हें फ्री रजिस्ट्री योजना में अपनी भूमिका से अलग किया जाए। एसडीएम बैतूल ने राजेंद्र इरपाचे, विश्वामित्र सोनी, पांडुरंग देशमुख को निलंबित किया। आमला में विजय धुर्वे, मुलताई में लालसिंह इवने, शाहपुर में राजेंद्र बैठे और आठनेर में संजीव परते व रामकिशोर इवने भी निलंबित हुए। पटवारियों के विरोध और निलंबन आदेशों के बीच सीधा संबंध अभी साफ नहीं। प्रशासन ने निलंबन का आधार सरकारी कामों में लापरवाही और कम प्रगति को बताया है।
