एमपी में आउटसोर्स कर्मचारियों की दिवाली इस बार भी फीकी रह गई। सरकार श्रम विभाग के निर्देश के बावजूद पांच लाख से अधिक कर्मचारियों को दिवाली से पहले वेतन नहीं दिला सकी। बोनस देने का आदेश भी जारी हुआ था, लेकिन कई विभागों में कर्मचारियों को वेतन तक नहीं मिला। सबसे खराब स्थिति स्वास्थ्य, स्कूल शिक्षा और उच्च शिक्षा विभाग में काम कर रहे कर्मचारियों की है। स्वास्थ्य विभाग के कई कर्मचारियों को तो चार से छह महीने से वेतन नहीं मिला है। स्कूल शिक्षा विभाग में व्यावसायिक शिक्षक के रूप में काम कर रहे छह हजार से अधिक कर्मचारियों का भुगतान भी अटका हुआ है। कर्मचारी संगठनों का कहना है कि पिछले साल भी कई कर्मचारियों को दिवाली से पहले वेतन नहीं मिला था और इस बार भी उन्हें आर्थिक परेशानी के बीच त्योहार मनाना पड़ रहा है। ROMS पोर्टल बना भुगतान में देरी की वजह ऑल डिपार्टमेंट आउटसोर्स, अस्थायी कर्मचारी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष वासुदेव शर्मा के मुताबिक, सरकार ने आउटसोर्स कर्मचारियों का रिकॉर्ड दर्ज करने के लिए ROMS पोर्टल बनाया है। वित्त विभाग ने सभी विभागों को 31 अक्टूबर तक कर्मचारियों का डेटा पोर्टल पर अपलोड करने की समयसीमा दी थी। निर्देश था कि तय समय तक जिन विभागों का डेटा अपलोड नहीं होगा, वहां के कर्मचारियों का वेतन रोका जा सकता है। कर्मचारी संगठनों का कहना है कि विभाग प्रमुखों की ओर से डेटा अपलोड नहीं किए जाने का खामियाजा कर्मचारियों को भुगतना पड़ रहा है। कर्मचारियों की नियुक्ति, वेतन और बोनस संबंधी प्रक्रिया में भूमिका निभाने वाले सेडमैप की ओर से भी इस मामले में मदद नहीं मिल पा रही है। ठेकेदारों पर भी लगाए आरोप मोर्चा के प्रांतीय संयोजक मनोज भार्गव का आरोप है कि महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और गुजरात के प्रभावशाली नेताओं तथा मंत्रियों के रिश्तेदारों से जुड़ी कंपनियों को मध्यप्रदेश में आउटसोर्स कर्मचारियों की आपूर्ति के ठेके मिलते हैं। उनके मुताबिक, ठेका लेने के बाद ये कंपनियां समय पर वेतन देने की जिम्मेदारी नहीं निभातीं। नियम के अनुसार, शासन से तीन महीने तक भुगतान नहीं मिलने पर ठेकेदार को अपनी ओर से कर्मचारियों को वेतन देना चाहिए और बाद में शासन से मिलने वाली राशि का समायोजन करना चाहिए। हालांकि, इस व्यवस्था का पालन नहीं होने से कर्मचारियों को परेशानी उठानी पड़ रही है। कर्मचारी संगठनों का कहना है कि वे विभागों में नियमित काम कर रहे हैं, लेकिन वेतन और बोनस के लिए उन्हें बार-बार अधिकारियों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। उनका आरोप है कि विभागीय और ठेकेदारों की लापरवाही का खामियाजा कर्मचारियों और उनके परिवारों को भुगतना पड़ रहा है। ये खबर भी पढ़ें… MP में सफाईकर्मियों की सैलरी 20 हजार तक बढ़ेगी मध्यप्रदेश में सफाई कर्मचारियों ने अपनी हड़ताल खत्म कर दी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात के बाद कर्मचारी संगठनों ने आंदोलन खत्म करने का फैसला लिया। इसके बाद भोपाल के कुछ इलाकों में सफाई का काम भी शुरू हो गया। पढ़ें पूरी खबर…
