Homeमध्यप्रदेशएमआईसी बैठक:बिना सवालों के जवाब दिए सिंहस्थ मेला क्षेत्र में सीवरेज-पेयजल पाइपलाइन...

एमआईसी बैठक:बिना सवालों के जवाब दिए सिंहस्थ मेला क्षेत्र में सीवरेज-पेयजल पाइपलाइन का काम 20 फीसदी कम दर में मंजूर

सिंहस्थ मेला क्षेत्र में 480 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन डालने के कार्य की निविदा दरों को स्वीकृति दी। इसमें 219 किलोमीटर लंबी सीवरेज और 261 किलोमीटर लंबी पेयजल लाइन डाली जाएगी। महापौर मुकेश टटवाल की अध्यक्षता में सोमवार को नगर निगम मुख्यालय में एमआईसी की बैठक में यह फैसला हुआ। सिंहस्थ मेला क्षेत्र में 350 करोड़ रुपए से पाइपलाइन डालने के काम की निविदा दरों का प्रस्ताव सदन में आने के बाद एमआईसी सदस्य प्रकाश शर्मा ने सवाल उठाए। उन्होंने 20 प्रतिशत कम दर में टेंडर लेने पर पूछा कि कम दर पर काम करने के पीछे आखिर क्या वजह है। वहीं काम की क्वालिटी और मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी किस की रहेगी। उन्होंने कहा कि सभी एमआईसी सदस्यों और जनप्रतिनिधियों को प्रोजेक्ट की पूरी जानकारी देना चाहिए। इन सवालों के जवाब मिले बिना ही निविदा दरों को स्वीकृति दे दी गई। बैठक की शुरुआत में 13 अक्टूबर 2026 को हुए पिछले सम्मेलन के कार्यवृत्त की पुष्टि की गई। इसके बाद एजेंडे के बिंदुओं पर विचार-विमर्श हुआ। सिंहस्थ मेला क्षेत्र में सीवरेज और पेयजल पाइपलाइन प्रोजेक्ट की जानकारी को लेकर भास्कर ने अन्य एमआईसी सदस्यों से पूछा तो उन्होंने प्रोजेक्ट डिटेल होने की जानकारी से अनभिज्ञता जाहिर की। उन्होंने कहा कि सिंहस्थ का काम है, अच्छी क्वालिटी से होना चाहिए। जनता के बीच हमें जाना है, उनके सवालों के जवाब हमें देना है। बैठक में निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा, अपर आयुक्त डॉ. नेहा जैन, संतोष टैगोर, पवन सिंह सहित कार्यपालन यंत्री, अधीक्षण यंत्री व अन्य अधिकारी मौजूद रहे। पारस तालाब के लिए स्वीकृत राशि से गयाकोठा स्थित ऋ षितलाई में काम, मंजूरी पर रोक लगाई बैठक में मुख्यमंत्री नगरीय क्षेत्र अधोसंरचना निर्माण योजना के तहत पारस तालाब के विकास के लिए आवंटित राशि का उपयोग गयाकोठा तीर्थ स्थित ऋषि तलाई में किया। इसके लिए टेंडर भी नहीं निकाले गए और बिना अनुमति के कार्य का करवा लिया गया। अब एमआईसी में राशि समायोजन का प्रस्ताव लाया गया। इस पर महापौर मुकेश टटवाल ने आपत्ति ली और प्रस्ताव को स्वीकृति नहीं दी गई। इधर प्रदेश के नगरीय निकायों में बिजली के खर्च को कम करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए मध्य प्रदेश अर्बन कैप्टिव सोलर प्रोजेक्ट स्थापित करने के प्रस्ताव पर मुहर लगाई गई। श्रीवास्तव, जैन व गायकवाड़ को दी संविदा नियुक्ति उज्जैन नगर निगम के प्रशासनिक अमले को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से बैठक में कुछ महत्वपूर्ण संविदा नियुक्तियों के प्रस्तावों पर भी मुहर लगी। इसके तहत जितेंद्र श्रीवास्तव को सहायक यंत्री, राजेश कुमार जैन को कार्यपालन यंत्री और राजीव गायकवाड़ को सहायक यंत्री के पद पर संविदा नियुक्ति दिए जाने के प्रकरणों की अनुशंसा की गई। 2.86 करोड़ रुपए के मुआवजे को स्वीकृति शहर के यातायात को सुगम बनाने के लिए कई प्रमुख मार्गों के चौड़ीकरण का रास्ता साफ हो गया है। इसमें वीडी मार्केट, तेलीवाड़ा, ढाबा रोड से छोटी पुलिया तक, गाड़ी अड्डा चौराहे से बड़ा पुल (लाला लाजपतराय मार्ग, वल्लभ भाई पटेल मार्ग एवं वीर दुर्गादास मार्ग) तथा हरसिद्धि की पाल से रामघाट मार्ग का चौड़ीकरण शामिल है। इसके अलावा एसआर-1 रोड (दारू गोदाम से एमआर-5 रोड) के दायरे में आने वाले प्रभावित हितग्राहियों के कुल 2 करोड़ 86 लाख रुपए के 15 मुआवजा प्रकरणों की भी अनुशंसा की गई।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here