ट्रैफिक चालू होने से पहले ही धंसने के कारण चर्चा में आए 2600 करोड़ के उज्जैन-गरोठ हाइवे में सर्विस रोड की भी बड़ी खामी सामने आई है। निर्माण एजेंसी जीएचटी ने गरोठ की तरफ से आने वाले वाहन चालकों को मक्सी रोड पर उतरने और यहां से गरोठ रोड पकड़ने वाले वाहन चालकों के लिए सर्विस रोड ही नहीं बनाई। मामले में तत्कालीन हाइवे अफसरों ने भी इस तरफ ध्यान देना उचित नहीं समझा। इसका खामियाजा अब वाहन चालकों को उठाना पड़ रहा है। भास्कर ने पड़ताल की तो पता चला कि गरोठ की तरफ से आने वाले जिन वाहन चालकों को मक्सी रोड पर उतरना है, उन्हें मक्सी रोड से गरोठ रोड पर चढ़कर चंदेसरी की तरफ आने वाले वाहनों के लिए बनाई सर्विस रोड पर रॉन्ग साइड उतरना पड़ रहा है। ब्रिज के ढलान वाले हिस्से के पास से ही स्पीड से आने वाले वाहनों से बचते हुए एकदम 350 डिग्री का वी टर्न लेना पड़ रहा है। टर्न लेने के बाद यहां सामने से सही साइड आ रहे वाहनों से क्रॉस करते हुए उल्टी साइड से ही मक्सी रोड जाना पड़ रहा है। इधर, मक्सी रोड के पास से हाइवे से गरोठ जाने वाले वाहन चालकों के लिए भी यही फजीहत है। इन्हें भी चंदेसरी की तरफ से आकर मक्सी रोड उतरने वाले वाहनों को सर्विस रोड पर क्रॉस करते हुए हाइवे पर जाना पड़ रहा है। यहां सामने से आ रहे वाहनों से बचकर इन्हें भी अचानक 350 डिग्री का वी टर्न लेकर सड़क पर आना पड़ रहा है। इस मार्ग पर घोषित रूप से ट्रैफिक शुरू होने के बाद यहां टर्न लेने वाले वाहनों के कारण हादसों का खतरा बढ़ जाएगा। यहां सही कनेक्टिविटी नहीं, दबाव बढ़ा तो आएगी परेशानी
मक्सी रोड पर अप और डाउन की सही कनेक्टिविटी नहीं होने के कारण सिंहस्थ में यहां बड़ा खतरा हो जाएगा, क्योंकि उज्जैन-गरोठ हाइवे पर राजस्थान के भी यात्री उज्जैन पहुंचेंगे। इन्हें मक्सी रोड पर उतरना और मक्सी फोरलेन से गरोठ रोड पकड़ते समय जोखिम उठाना पड़ेगा। इधर, पास में ही सिंहस्थ के लिए रेलवे का पंवासा स्टेशन बनने से ट्रेन से आने वाले यात्रियों की भीड़ भी रहेगी। ऐसे में रॉन्ग साइड से वाहनों के हाइवे पर चढ़ने व उतरने के कारण ट्रैफिक व्यवस्था बिगड़ेगी। अर्ध-गोलाकार लूप बनाकर वाहनों को बड़े घेरे में घुमाते हुए नीचे उतारें:
रिटायर्ड इंजीनियर ने बताया कि यहां ग्रेड सेपरेटर, इंटरचेंज और रैंप सिस्टम का उपयोग किया जा सकता है। पत्तियों के आकार के लूप रैंप बनाकर ऊपर के हाइवे से घूमकर नीचे की सर्विस रोड में मिल जाएंगे। इसके अलावा अर्ध-गोलाकार लूप बनाकर वाहनों को बड़े घेरे में घूमते हुए नीचे उतार दिया जाए। सर्विस रोड से हाइवे पर चढ़ने के लिए भी एक समानांतर या लूप रैंप दिया जा सकता है। बशर्ते ढलान हाइवे की हाइट के हिसाब से निर्धारित मानक स्तर से दिया जाए। सर्विस रोड में दिक्कतें
उज्जैन-गरोठ रोड के मक्सी रोड क्रॉसिंग वाली लोकेशन मैंने देखी है। एक तरफ कुछ ही दूरी पर रेलवे ब्रिज होने से यहां हाइवे की हाइट काफी ज्यादा है। इतनी ज्यादा हाइट की तरफ से सर्विस रोड बनाने में तकनीकी रूप से दिक्कतें आ सकती हैं।- शिवम शर्मा, प्रोजेक्ट डायरेक्टर एनएचएआई उज्जैन
