विदिशा जिले में उफनती बेतवा नदी के स्टॉप डैम पर जान जोखिम में डालकर स्कूल जाने को मजबूर बच्चों का वीडियो वायरल होने के बाद मामला हाईकोर्ट तक पहुंच गया है। मध्यप्रदेश हाईकोर्ट ने स्वत: संज्ञान लेते हुए राज्य सरकार, लोक निर्माण विभाग और विदिशा कलेक्टर को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। इधर, प्रशासन ने डैम से आवागमन पर तत्काल रोक लगाते हुए चौकीदार तैनात कर दिए हैं। विदिशा जिले के ग्राम पलोह के पास बने स्टॉप डैम से होकर चार गांवों के छात्र-छात्राएं रोजाना स्कूल पहुंचते थे। बारिश के कारण बेतवा नदी का जलस्तर बढ़ने के बावजूद बच्चे डैम के संकरे मोहरों पर छलांग लगाकर स्कूल जाते नजर आए। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन हरकत में आया। मध्यप्रदेश हाईकोर्ट ने भी मामले को गंभीर मानते हुए स्वत: संज्ञान लिया और राज्य सरकार, लोक निर्माण विभाग तथा विदिशा कलेक्टर को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। डेढ़ किलोमीटर बचाने के लिए उठाते थे बड़ा जोखिम पलोह क्षेत्र के शासकीय हाई स्कूल में ककरुआ, इमलिया, बंधेरा और बहलोद चक गांवों के छात्र-छात्राएं पढ़ने आते हैं। सड़क मार्ग से स्कूल पहुंचने के लिए उन्हें 10 से 15 किलोमीटर का सफर तय करना पड़ता है, जबकि स्टॉप डैम पार करने पर दूरी महज डेढ़ किलोमीटर रह जाती है। इसी कारण बच्चे इस रास्ते का इस्तेमाल कर रहे थे। बारिश में बना जानलेवा रास्ता लगातार बारिश के चलते बेतवा नदी का जलस्तर बढ़ गया था। ऐसे में स्टॉप डैम पूरी तरह जोखिम भरा हो गया। वायरल वीडियो में बच्चे तेज बहाव के बीच संकरे हिस्सों पर छलांग लगाते हुए दिखाई दिए। स्थानीय लोगों का कहना है कि जरा-सी चूक किसी बड़े हादसे में बदल सकती थी। प्रशासन ने लगाया प्रतिबंध वीडियो सामने आने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और सुरक्षा के मद्देनजर स्टॉप डैम से लोगों की आवाजाही तत्काल बंद करा दी। डैम के दोनों ओर चौकीदार तैनात किए गए हैं ताकि कोई भी व्यक्ति इस रास्ते का उपयोग न कर सके। स्थायी समाधान की तैयारी जिला प्रशासन ने बच्चों की समस्या के स्थायी समाधान के लिए बंधेरा स्कूल को हाई स्कूल में उन्नत करने का प्रस्ताव शासन को भेजा है। साथ ही ग्रामीण यांत्रिकी सेवा (आरईएस) के माध्यम से स्टॉप डैम पर स्लैब डालने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है, ताकि भविष्य में जरूरत पड़ने पर सुरक्षित आवागमन संभव हो सके। एसडीएम ने क्या कहा विदिशा एसडीएम के अनुसार, फिलहाल बारिश के मौसम को देखते हुए स्टॉप डैम से आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है। आसपास के चार गांवों के चौकीदारों को निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक व्यवस्था और दीर्घकालिक समाधान पर काम किया जा रहा है। ये खबर भी पढ़ें… जान जोखिम में डालकर बेतवा पार करते बच्चों का VIDEO विदिशा जिले के ग्राम पलोह में चार गांवों के स्कूली बच्चे उफनती बेतवा नदी पर बने स्टॉप डैम के संकरे मोहरों पर छलांग लगाकर स्कूल पहुंच रहे थे। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन हरकत में आया और तत्काल डैम से आवागमन पर रोक लगा दी।पूरी खबर पढ़ें
