उदयनगर-इंदौर रोड पर ग्राम पंचायत देवनलिया के दड़ (जूनापानी) गांव में रविवार सुबह तेज रफ्तार कार ने घर के सामने बैठे एक बुजुर्ग और दो महिलाओं को टक्कर मार दी। हादसे में जमना बाई की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं गंभीर घायल शंकर मंडलोई और मनी बाई ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार घर के आंगन की ढाल तोड़ते हुए नीम के पेड़ से टकराकर रुकी। उदयनगर पुलिस के अनुसार, घटना रविवार सुबह करीब 10.30 बजे की है। दड़ (जूनापानी) निवासी शंकर मंडलोई, मनी बाई और जमना बाई घर के सामने बैठे थे। इसी दौरान इंदौर की ओर से आ रही सफेद रंग की कार (एमपी 09 डीए 2727) के चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए तीनों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद मृतकों के परिजन ने रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने धर्मेंद्र के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कार चालक इंदौर का, ड्राइविंग का शौकीन हादसे के बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने कार चालक को बाहर निकाला। चालक ने अपना नाम धर्मेंद्र जैन निवासी इंदौर बताया। धर्मेंद्र पेशे से अधिवक्ता हैं और ऑफ-रोड ड्राइविंग के शौकीन हैं। वह अक्सर कार या बाइक से लंबी ऑफ-रोड ड्राइव पर जाते हैं।
