Homeमध्यप्रदेशउज्जैन में शुरू हुआ देश का दूसरा पेप्सिको फ्लेवर-कंसंट्रेट प्लांट:सीएम डॉ. मोहन...

उज्जैन में शुरू हुआ देश का दूसरा पेप्सिको फ्लेवर-कंसंट्रेट प्लांट:सीएम डॉ. मोहन यादव ने किया लोकार्पण; 800 लोगों को मिलेगा रोजगार

उज्जैन के विक्रम उद्योगपुरी क्षेत्र में मंगलवार को देश के दूसरे पेप्सिको फ्लेवर कंसंट्रेट प्लांट का उद्घाटन मुख्यमंत्री मोहन यादव ने वर्चुअली किया। इस दौरान उज्जैन प्लांट में सांसद बाल योगी उमेशनाथ महाराज, निगम अध्यक्ष कलावती यादव, एमपीआईडीसी के एमडी चंद्रमौली शुक्ला, एमपीआईडीसी के निदेशक राजेश राठौर, पेप्सिको इंडिया के सीईओ जगरुत कोटेचा और पेप्सिको ग्लोबल के सीईओ यूजीन विलेमसेन ने फीता काटकर प्लांट का शुभारंभ किया। प्लांट परिसर में आयोजित कार्यक्रम में कंपनी के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी शामिल हुए। उद्घाटन के लिए मुख्यमंत्री सारंगपुर से वर्चुअली जुड़े। उनकी मौजूदगी में प्लांट का लोकार्पण किया गया। इस दौरान कंपनी के सीईओ जगरुत कोटेचा ने बताया कि इस परियोजना की शुरुआत दो वर्ष पहले हुई थी और अब देश का दूसरा फ्लेवर कंसंट्रेट प्लांट शुरू हो गया है। उन्होंने बताया कि उनकी कंपनी लेज़ चिप्स भी बनाती है, जिसके लिए हर वर्ष 40 हजार टन आलू की खरीद की जाएगी। इसके लिए मध्य प्रदेश के 32 जिलों से आलू खरीदे जाएंगे। उन्होंने कहा कि महाकाल की नगरी में इस प्लांट का शुरू होना हम सभी के लिए गर्व की बात है। यहां अत्याधुनिक तकनीक और उच्च स्तर के ऑटोमेशन से युक्त संयंत्र में कंपनी के प्रमुख ब्रांड- पेप्सी, माउंटेन ड्यू, ट्रॉपिकाना, लेज, कुरकुरे, गैटोरेड और क्वेकर के लिए फ्लेवर कंसंट्रेट का उत्पादन किया जाएगा। एमपीआईडीसी के निदेशक राजेश राठौर ने बताया कि लगभग 1,266 करोड़ रुपए के निवेश से 22 एकड़ क्षेत्र में स्थापित यह दुनिया का नौवां अत्याधुनिक संयंत्र है। देश में यह इस तरह का दूसरा प्लांट है, जहां पेय पदार्थों के लिए फ्लेवर कंसंट्रेट का निर्माण होगा। उन्होंने बताया कि देश में इस प्रकार के केवल दो ही संयंत्र हैं। यह परियोजना मध्य प्रदेश के औद्योगिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, जिससे करीब 800 लोगों को रोजगार मिलेगा।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here