उज्जैन में गुरु पूर्णिमा के अवसर पर बुधवार को मुख्यमंत्री शहर में कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। इस दौरान वे देवास रोड स्थित 34 करोड़ से बने नए गीता भवन का लोकार्पण भी करेंगे। साथ ही आयोजित राज्य स्तरीय ‘गुरु पूर्णिमा महोत्सव’ एवं सांदीपनि अलंकरण समारोह में नव चयनित प्राथमिक शिक्षकों को नियुक्ति पत्र प्रदान करेंगे। कार्यक्रम में 17 जिलों के लगभग एक हजार पात्र प्राथमिक शिक्षक शामिल होंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा गीता भवन में गुरु पूर्णिमा महोत्सव अंतर्गत महर्षि सांदीपनि श्रद्धा पर्व एवं सम्मान समारोह का आयोजन प्रातः 11:00 बजे से किया जाएगा। साथ ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा “मिशन बुनियाद” का शुभारंभ किया जाएगा व स्कूल शिक्षा विभाग में चयनित 7500 प्राथमिक शिक्षकों में से प्रतीकात्मक स्वरूप 10 नवनियुक्त शिक्षकों को नियुक्ति पत्र का वितरण, माध्यमिक शिक्षा मंडल की परीक्षा में लगातार 3 वर्षों से 100% परीक्षा परिणाम देने वाले प्रदेश के 6 स्कूल प्राचार्यों का सम्मान, उज्जैन जिले से विभिन्न श्रेणियों में उपलब्धि प्राप्त करने वाले 2 प्राचार्यों एवं नेशनल मींस कम मेरिट परीक्षा में उज्जैन जिले की प्रावीण्य सूची में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले एक विद्यार्थी का सम्मान भी किया जाएगा। इसके अलावा कार्यक्रम में उच्च शिक्षा विभाग के पांच सेवानिवृत्त सहायक प्राध्यापकों का भी सम्मान एवं विभिन्न विकास कार्यों का भूमि पूजन लोकार्पण किया जाएगा।
