उज्जैन में दीपावली पर महापौर मुकेश टटवाल अपने पुराने अंदाज में नजर आए। सियासत की व्यस्तता के बीच रविवार को वे संत नगर चौराहा स्थित अपनी वर्षों पुरानी पान की दुकान ‘स्वर्ग पान’ पर पहुंचे। यहां उन्होंने न कोई औपचारिक मंच सजाया और न ही कोई राजनीतिक कार्यक्रम किया, बल्कि दुकान पर बैठकर खुद पान बनाया, ग्राहकों को खिलाया और उनके साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं। महापौर मुकेश टटवाल ने बताया कि इसी दुकान से उन्होंने अपने राजनीतिक और समाजसेवा के सफर की शुरुआत की थी। परिवार के पालन-पोषण से लेकर जीवन की कई जिम्मेदारियां भी इसी दुकान के जरिए निभाईं। आज महापौर बनने के बाद भी उनका इस दुकान से जुड़ाव बना हुआ है और वे इसका संचालन करते हैं। दीपावली पर दुकान पहुंचे लोगों को उन्होंने अपने हाथों से मसाले का पान बनाकर खिलाया और शुभकामनाएं दीं। इस दौरान दुकान पर आने वाले लोगों ने उनसे बातचीत भी की और अपनी समस्याएं बताईं। महापौर ने कहा कि त्योहार पर दुकान आने से पुराने परिचितों से मुलाकात हो जाती है। लोगों की बातें सुनने का मौका मिलता है और उन्हें पान खिलाकर आनंद की अनुभूति होती है। उन्होंने बताया कि मसाले के पान में कत्था-चूना, सौंफ, सुपारी, खोपरा, गुलाब कतरी, सुमन कतरी, गुलकंद और चटनी सहित कई सामग्री का इस्तेमाल किया जाता है। दीपावली पर महापौर का यह अंदाज चर्चा में रहा।
