बढ़ती महंगाई के खिलाफ कांग्रेस गुरुवार को प्रदेशभर में प्रदर्शन कर रही है। इंदौर में कांग्रेस कार्यकर्ता राजवाड़ा और मंगल नगर पेट्रोल पंप समेत शहर के 24 ब्लॉक में प्रदर्शन कर रहे हैं। कार्यकर्ता शक्कर की बढ़ती कीमत, पेट्रोल-गैस के दाम और बिजली की दरों को लेकर विरोध जता रहे हैं। आंदोलन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देश पर किया जा रहा है। राजवाड़ा पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शक्कर और पनीर बांटकर विरोध जताया। कार्यकर्ताओं ने इसे आम लोगों की बढ़ती महंगाई का प्रतीक बताया। कांग्रेस का कहना है कि शक्कर के बढ़ते दाम का असर त्योहारों के दौरान परिवारों के बजट पर पड़ेगा। शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने दावा किया कि शक्कर के दाम में 30 से 35 रुपए प्रति किलो तक की बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन के बाद गणेश चतुर्थी, श्राद्ध पक्ष, नवरात्र, दशहरा और दीपावली जैसे त्योहार आने हैं। ऐसे में महंगी शक्कर का सीधा असर आम परिवारों की रसोई पर पड़ेगा। देखिए इंदौर में प्रदर्शन की तस्वीरें पेट्रोल, एथेनॉल और बिजली दरों को भी बनाया मुद्दा कांग्रेस ने पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण और बिजली की बढ़ी दरों को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। पार्टी का आरोप है कि एथेनॉल मिश्रण से वाहनों का माइलेज प्रभावित होता है और वाहन चालकों का खर्च बढ़ता है। वहीं बिजली की बढ़ी दरों और घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों को लेकर कांग्रेस का कहना है कि इससे आम परिवारों पर लगातार आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। इन जगह पर हुए प्रदर्शन – चंदन नगर पेट्रोल पंप, बाणगंगा, स्कीम नंबर 51, एरोड्रम, मंगल नगर, परदेशीपुरा, स्कीम नंबर 54, रोबोट चौराहा, स्कीम नंबर 78, छावनी, हरसिद्धि मंदिर रोड, राजवाड़ा, माणिकबाग, गंगवाल बस स्टैंड, महू नाका, फूटी कोठी, तिलक नगर, गीताभवन, विकास नगर, मुसाखेड़ी, सिलिकॉन सिटी और तेजाजी नगर में कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे हैं। लाइव ब्लॉग के मिनट टु मिनट अपडेट के लिए यहां से गुजर जाइए…
