Homeमध्यप्रदेशइंदौर दौरे पर सीएम का जल, शिक्षा-आईटी पर फोकस:तालाब, स्कूल, आईटी पार्क...

इंदौर दौरे पर सीएम का जल, शिक्षा-आईटी पर फोकस:तालाब, स्कूल, आईटी पार्क और धरोहरों का किया निरीक्षण; छात्राओं के साथ खगोलीय लैब भी देखी

सीएम डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को इंदौर दौरे के दौरान शहर में जल संरक्षण, शिक्षा, आईटी विकास और ऐतिहासिक धरोहरों से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। उन्होंने खंडवा रोड स्थित लिंबोदी तालाब पहुंचकर जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत चल रहे जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण किया, बड़ा गणपति स्थित शासकीय शारदा कन्या स्कूल में छात्राओं से संवाद कर खगोलीय प्रयोगशाला देखी, निर्माणाधीन आईटी पार्क-3 का निरीक्षण कर प्रदेश को आईटी हब बनाने का रोडमैप साझा किया, वीरगढ़ी हनुमान मंदिर की प्राचीन बावड़ी के संरक्षण के निर्देश दिए और किला मैदान पहुंचकर वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई को श्रद्धांजलि अर्पित की। लिंबोदी तालाब पर श्रमदान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने खंडवा रोड स्थित करीब 100 साल पुराने लिंबोदी तालाब के जीर्णोद्धार कार्यों का अवलोकन करते हुए कहा कि “जल है तो कल है, जल ही जीवन का आधार है।” उन्होंने कहा कि प्राकृतिक जल स्रोतों का संरक्षण और स्वच्छता दोनों जरूरी हैं। जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत प्रदेशभर में अब तक 2 लाख से अधिक जल संरक्षण कार्य किए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि इंदौर में 10 से अधिक बड़े तालाबों और 250 से ज्यादा कुओं-बावड़ियों के संरक्षण का काम किया गया है। उन्होंने तालाबों और उनसे जुड़े जलमार्गों पर हुए अतिक्रमण हटाने के लिए विशेष अभियान चलाने की बात कही। इस दौरान उन्होंने श्रमदान भी किया और लोगों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि अमृत 2.0 योजना के तहत तालाबों में स्टोन बोल्डर पिचिंग, टो-वॉल, रैलिंग, इको-फ्रेंडली पाथवे और स्टोन बेंच जैसे विकास कार्य किए जा रहे हैं। स्कूल चले हम अभियान में छात्राओं से मिले मुख्यमंत्री बड़ा गणपति स्थित शासकीय शारदा कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भी पहुंचे। यहां उन्होंने ‘स्कूल चले हम’ अभियान के तहत छात्राओं से मुलाकात की और स्कूल में स्थापित अत्याधुनिक खगोलीय प्रयोगशाला का निरीक्षण किया। ‘स्पार्क एस्ट्रोनॉमी लैब’ में छात्राओं ने मुख्यमंत्री को टेलिस्कोप, ग्रह-नक्षत्र ट्रैकिंग सिस्टम, रॉकेट मॉडल, सैटेलाइट मॉडल, सौर मंडल, चंद्रग्रहण और सूर्यग्रहण से जुड़े मॉडल्स की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने छात्राओं के वैज्ञानिक कौशल की सराहना की और कहा कि नई शिक्षा नीति के तहत इस तरह की आधुनिक प्रयोगशालाएं विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने में अहम भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने स्मार्ट क्लास में जाकर छात्राओं से उनके भविष्य के सपनों और लक्ष्यों पर भी चर्चा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार बेटियों को शिक्षा और तकनीक के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है। आईटी पार्क-3 का निरीक्षण मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने निर्माणाधीन आईटी पार्क-3 का निरीक्षण भी किया। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश को देश का अग्रणी आईटी और सेवा क्षेत्र का केंद्र बनाने का संकल्प है और उज्जैन-इंदौर मेट्रोपॉलिटन रीजन (UIMR) इसका ग्रोथ इंजन बनेगा। उन्होंने कहा कि आईटी पार्क-3, आईटी पार्क-4, उज्जैन आईटी पार्क और इंदौर-पीथमपुर इकोनॉमिक कॉरिडोर प्रदेश को डिजिटल अर्थव्यवस्था की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे। 557 करोड़ रुपए की लागत से बन रहा यह 22 मंजिला ग्रीन बिल्डिंग आईटी पार्क मध्य भारत का सबसे बड़ा आईटी पार्क बनने जा रहा है। वीरगढ़ी हनुमान मंदिर की बावड़ी का निरीक्षण मुख्यमंत्री ने प्राचीन वीरगढ़ी हनुमान मंदिर पहुंचकर वहां स्थित ऐतिहासिक बावड़ी का निरीक्षण किया। उन्होंने मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बावड़ी का मूल स्वरूप सुरक्षित रखते हुए वैज्ञानिक तरीके से उसका जीर्णोद्धार किया जाए। साथ ही सुरक्षा के लिए रैलिंग, जल स्रोतों को पुनर्जीवित करने और आसपास सौंदर्यीकरण के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि प्राचीन जल संरचनाएं हमारी समृद्ध परंपरा और जल प्रबंधन की पहचान हैं। रानी लक्ष्मीबाई को दी श्रद्धांजलि इंदौर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री किला मैदान पहुंचे, जहां उन्होंने वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि रानी लक्ष्मीबाई का साहस, शौर्य और राष्ट्रप्रेम देश की हर पीढ़ी को प्रेरित करता रहेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार स्वतंत्रता सेनानियों और महापुरुषों की विरासत को सहेजने और उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए संकल्पित है। सीएम के इन कार्यक्रमों में नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक रमेश मेंदोला, मधु वर्मा, मालिनी गौड़, मनोज पटेल, पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह, कलेक्टर शिवम वर्मा, नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here