इंदौर कांग्रेस में कुछ भी ठीक नहीं चल रहा हैं, एक बार फिर खुलकर पीसीसी चीफ पटवारी के खिलाफ इंदौर कांग्रेस नेता ने राहुल गांधी को पत्र लिखकर घेरा है। भागीरथपुरा दूषित पानी कांड में 35 से ज्यादा लोगों की मौत के बाद अब कांग्रेस के अंदर से ही संवेदनशीलता को लेकर आवाज उठने लगी है। मध्यप्रदेश कांग्रेस के पूर्व महासचिव राकेश सिंह यादव ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को पत्र लिखकर भोपाल में प्रस्तावित होली मिलन समारोह को स्थगित कराने की मांग की है। राकेश सिंह यादव ने अपने पत्र में लिखा कि इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पानी की वजह से हुई मौतों ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है और कई परिवार आज भी गहरे सदमे में हैं। ऐसे समय में जब शहर शोक में हैं, तब उत्सव मनाना जनता की भावनाओं के विपरीत संदेश देगा।
प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के गृहनगर इंदौर में दुख का माहौल है, ऐसे समय में उत्सव नहीं बल्कि पीड़ित परिवारों के साथ खड़े रहना ही कांग्रेस की असली गांधीवादी विचारधारा है। पत्र में यह भी उल्लेख किया गया कि भोपाल में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के निवास पर प्रस्तावित होली मिलन समारोह को लेकर जनमानस में सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि इसी घटना के विरोध में इंदौर में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया था। कई नेताओं ने होली से दूरी बनाने का निर्णय लिया है। होली मिलन को स्थगित करने की सलाह
राकेश ने राहुल गांधी से आग्रह किया कि पार्टी की मानवीय और संवेदनशील परंपरा को ध्यान में रखते हुए फिलहाल होली मिलन समारोह को स्थगित करने की सलाह दी जाए, ताकि पीड़ित परिवारों को यह महसूस हो कि कांग्रेस उनके दुख में बराबर की भागीदार है। जलकांड को लेकर पहले ही प्रदेश सरकार घिरी हुई है, लेकिन अब कांग्रेस के अंदर से उठी यह मांग राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि यह सीधे संगठन की कार्यशैली और संवेदनशीलता पर सवाल खड़े कर रही है। अन्य कांग्रेसी नेता कैलाश विजयवर्गीय को घेर रहे
शहर में दूषित पानी पीने से हुई 35 लोगों की मौत का मामला अब पूरी तरह सियासी जंग में बदल गया है। इस दर्दनाक घटना को लेकर कांग्रेस ने कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय पर बेहद तीखा हमला बोला है। कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता अमित चौरसिया का कहना है कि जिन लोगों ने अपने परिवार के सदस्य खो दिए, उनके घरों में मातम पसरा है, लेकिन मंत्री विजयवर्गीय मानो इस त्रासदी को भूलकर उत्सव मनाने में व्यस्त हैं। कांग्रेस का कहना है कि होली पर मंत्री को पीड़ित परिवारों के घर जाना चाहिए था, उनके दुख में शामिल होना चाहिए था, लेकिन ऐसा कहीं नजर नहीं आया। मंत्री विजयवर्गीय ने कार्यक्रम से बनाई दूरी
वहीं इस बार कैलाश विजयवर्गीय ने आयोजकों से बात कर इंदौर में रंगपंचमी के एक दिन पहले होने वाला बजर बट्टू कार्यक्रम निरस्त कर दिया है। इस बार इसका 29वां साल था। आयोजक अशोक चौहान ‘चांदू नेता’ ने बताया कि इस मामले में गुरुवार शाम को ही फैसला लिया गया है। चौहान ने बताया कि एक महीने से तैयारी कर रहे थे। सारी व्यवस्थाएं हो चुकी थीं। इसमें मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के सर प्राइज गेट अप को देखने के लिए दूर-दूर से आते हैं। इस कार्यक्रम में उन्होंने शामिल होने से इनकार कर दिया। इससे हमें बहुत दु:ख है।
