Homeमध्यप्रदेशआज 350 से ज्यादा नावों पर दिखेगा राष्ट्रध्वज:11 बजे बोट क्लब से...

आज 350 से ज्यादा नावों पर दिखेगा राष्ट्रध्वज:11 बजे बोट क्लब से निकलेगी नौका तिरंगा यात्रा, सीएम होंगे शामिल

स्वतंत्रता दिवस के उत्सव से पहले राजधानी भोपाल का बड़ा तालाब गुरुवार को देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर 13 अगस्त को बोट क्लब से विशाल नौका तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में होने वाली इस यात्रा में 350 से ज्यादा नावों पर तिरंगा लहराएगा। जल, थल और नभ—तीनों ओर राष्ट्रध्वज की छटा नजर आएगी। यात्रा सुबह 11 बजे बोट क्लब से शुरू होगी। इसमें देशभर से आए वाटर स्पोर्ट्स खिलाड़ियों के साथ प्रदेश के खिलाड़ी, युवा, सामाजिक संगठनों के सदस्य और बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल होंगे। आयोजकों के मुताबिक, 1000 से ज्यादा खिलाड़ी और नागरिक इस आयोजन का हिस्सा बनेंगे। लहरों पर दिखेगा तिरंगे का विशाल बेड़ा बड़े तालाब में एक साथ सैकड़ों नावों के उतरने से यहां अनूठा नजारा देखने को मिलेगा। नावों पर सवार प्रतिभागी हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर यात्रा में शामिल होंगे। तालाब की लहरों के बीच तिरंगे से सजी नावों का यह बेड़ा शहरवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगा। आयोजन का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लोगों में राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना को मजबूत करना है। सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने कहा कि भोपाल की बड़ी झील शहर की पहचान और प्राकृतिक सौंदर्य का प्रमुख केंद्र है। इसी झील पर नौका तिरंगा यात्रा के जरिए देशभक्ति का संदेश दिया जाएगा। उन्होंने कहा, “नभ से लेकर जल तक हर जगह तिरंगा लहराए, यही हमारा लक्ष्य है।” सुरक्षा से लेकर ट्रैफिक तक तैयारियां पूरी यात्रा की तैयारियों को लेकर मंत्री विश्वास सारंग ने जिला प्रशासन, खेल विभाग, पुलिस और एसडीआरएफ के अधिकारियों के साथ बोट क्लब एवं बड़े तालाब क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने नावों के संचालन, सुरक्षा व्यवस्था, गोताखोरों और एसडीआरएफ की तैनाती, यातायात, पार्किंग और साफ-सफाई सहित अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि आयोजन में शामिल होने वाले लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। नावों के संचालन के दौरान भी सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है। देशभर के वाटर स्पोर्ट्स खिलाड़ी होंगे शामिल नौका तिरंगा यात्रा में मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों के साथ देश के अलग-अलग हिस्सों से आए वाटर स्पोर्ट्स खिलाड़ी भी हिस्सा लेंगे। युवाओं और खिलाड़ियों की बड़ी भागीदारी के कारण आयोजन को और भव्य रूप देने की तैयारी है। मंत्री सारंग ने प्रदेशवासियों से बड़ी संख्या में पहुंचकर तिरंगा यात्रा का हिस्सा बनने और राष्ट्रध्वज के सम्मान में अपनी सहभागिता दर्ज कराने की अपील की है।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here