Homeमध्यप्रदेशआज दीपों से जगमगाएगी रात, हर तरफ उल्लास:घरों से बाजारों तक दीपावली...

आज दीपों से जगमगाएगी रात, हर तरफ उल्लास:घरों से बाजारों तक दीपावली की रौनक; लक्ष्मी-गणेश पूजन के साथ आतिशबाजी की तैयारी

रोशनी, खुशियों और उल्लास का पर्व दीपावली रविवार को मनाया जाएगा। राजधानी भोपाल में त्योहार को लेकर घरों से लेकर बाजारों तक उत्सवी माहौल है। सुबह से ही लोग पूजा की तैयारियों, घरों की सजावट और दीप जलाने की तैयारी में जुटेंगे। शाम होते ही शहर के घर, प्रतिष्ठान और बाजार दीयों तथा रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाएंगे। घरों में शुभ मुहूर्त में भगवान गणेश और माता लक्ष्मी की पूजा-अर्चना होगी। इसके बाद आतिशबाजी के साथ दीपावली का उत्सव मनाया जाएगा। शहर के पुराने बाजारों जुमेराती, चौक बाजार, न्यू मार्केट, 10 नंबर मार्केट और बैरागढ़ में त्योहार के चलते विशेष रौनक रहने की उम्मीद है। इन बाजारों में दीये, पूजन सामग्री, मिठाई, फूल, सजावटी सामान और उपहारों की खरीदारी के लिए लोग पहुंचेंगे। दीपावली के मौके पर घरों के मुख्य द्वार पर रंगोली बनाने और दीप सजाने की भी परंपरा निभाई जाएगी। बाजारों में यातायात के विशेष इंतजाम दीपावली पर बाजारों में भीड़ और वाहनों के दबाव को देखते हुए यातायात पुलिस ने 4 से 9 नवंबर तक विशेष व्यवस्था लागू की है। जुमेराती, चौक बाजार, न्यू मार्केट, 10 नंबर मार्केट, एमपी नगर और बैरागढ़ में जरूरत के अनुसार यातायात डायवर्जन और पार्किंग की व्यवस्था की गई है। 10 नंबर मार्केट में यातायात के दबाव के अनुसार वन-वे व्यवस्था लागू की जा सकती है। पुराने शहर के बाजारों में भीड़ बढ़ने पर वाहनों की आवाजाही नियंत्रित की जाएगी। सुरक्षा और सावधानी के साथ मनाएं त्योहार दीपावली पर पटाखे जलाते समय बच्चों की निगरानी और आग से बचाव की सावधानी जरूरी होगी। प्रशासन ने प्रतिबंधित पटाखों के इस्तेमाल पर रोक लगाने और सुरक्षित तरीके से त्योहार मनाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी अधिकारियों को दीपावली के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और प्रतिबंधित पटाखों के इस्तेमाल पर रोक सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। आगामी त्योहारों के दौरान आतिशबाजी से होने वाली दुर्घटनाओं और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। विभाग ने पटाखे जलाने से पहले, आतिशबाजी के दौरान और उसके बाद अपनाई जाने वाली सुरक्षा सावधानियों के संबंध में एडवाइजरी जारी की है। साथ ही सभी अस्पतालों में पटाखों से होने वाली दुर्घटनाओं के इलाज के लिए चिकित्सकीय और पैरा-चिकित्सकीय स्टाफ की नामजद ड्यूटी रोस्टर तय करने के निर्देश भी दिए गए हैं। खुले और सुरक्षित स्थानों पर ही जलाएं पटाखे स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि पटाखे हमेशा खुले एवं सुरक्षित स्थानों पर ही जलाएं। इमारतों, वाहनों, सूखी वनस्पतियों एवं ज्वलनशील पदार्थों से पर्याप्त दूरी रखें। संकरी गलियों में जहां वाहन खड़े हों, वहां पटाखे न जलाएं। आतिशबाजी के दौरान सूती कपड़े पहनें तथा बंद जूते का उपयोग करें। ढीले कपड़े जैसे घाघरा, साड़ी, चुन्नी/दुपट्टा और फैंसी सिंथेटिक कपड़े न पहनें। बच्चों को बिना वयस्क निगरानी के पटाखे न दें और उन्हें पटाखे जेब में नहीं रखने की समझाइश दें। पटाखे जलाते समय पानी या रेत से भरी बाल्टी पास में रखें तथा एक समय में केवल एक ही पटाखा जलाएं।

हाथ में रखकर पटाखे न जलाएं पटाखे जलाते समय हाथ और चेहरे को उनसे सुरक्षित दूरी पर रखें। दूरी बनाए रखने के लिए लंबी मोमबत्ती या अगरबत्ती का उपयोग करें। अनार, चकरी एवं बम को हाथ में रखकर न जलाएं, बल्कि समतल जमीन पर रखकर ही प्रज्वलित करें। रॉकेट को हाथ से अथवा क्षैतिज दिशा में न छोड़ें। अतिरिक्त आवाज या प्रभाव के लिए पटाखों को टिन के डिब्बे, बर्तन अथवा कांच की बोतल से न ढकें, क्योंकि फटने पर इनके टुकड़े घातक छर्रों की तरह शरीर को गंभीर क्षति पहुंचा सकते हैं। यदि कोई पटाखा जलने के बाद नहीं फूटता है तो उसके पास न जाएं और कम से कम 20 मिनट प्रतीक्षा करने के बाद उस पर पानी डालकर निष्क्रिय करें। पटाखे किसी व्यक्ति या पशु की ओर न फेंकें। अस्थमा और श्वास रोगियों के लिए विशेष चेतावनी पटाखों से निकलने वाला धुआं एवं हानिकारक रासायनिक तत्व श्वसन और हृदय संबंधी समस्याओं को बढ़ा सकते हैं। इनसे अस्थमा एवं ब्रोंकाइटिस के मरीजों को विशेष परेशानी हो सकती है। ऐसे मरीज आतिशबाजी के दौरान घर के भीतर ही रहें। तेज आवाज वाले पटाखों से बचें, क्योंकि इनसे सुनने की क्षमता पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। देश में 4 मीटर की दूरी पर 125 डेसिबल से अधिक शोर करने वाले बम वैधानिक रूप से प्रतिबंधित हैं। आतिशबाजी के बाद इस्तेमाल किए गए एवं बिना फटे पटाखों को खुले में न छोड़ें। जले हुए पटाखों का सुरक्षित निपटान करें तथा साबुन और पानी से हाथ अच्छी तरह धोएं। जलने और आंख में चोट लगने पर क्या करें पटाखों से जलने की स्थिति में प्रभावित हिस्से को तुरंत सामान्य तापमान के साफ बहते पानी से 10 से 20 मिनट तक ठंडा करें। सूजन आने से पहले प्रभावित हिस्से में मौजूद अंगूठी, कंगन एवं घड़ी सावधानीपूर्वक हटा दें। जले हुए हिस्से पर कोई मलहम, क्रीम, बटर या टूथपेस्ट न लगाएं। आंख में चोट लगने पर उसे रगड़ें नहीं, साफ पानी से धीरे-धीरे धोएं और तत्काल चिकित्सकीय सलाह लें। गंभीर रूप से जलने, गहरे घाव या विस्फोट से चोट लगने पर बिना विलंब किए निकटतम अस्पताल पहुंचाएं। आज दीपावली, 10 नवंबर को गोवर्धन पूजा और 11 को भाई दूज दीपोत्सव के प्रमुख पर्व दीपावली का उत्सव रविवार, 8 नवंबर को मनाया जाएगा। ज्योतिष मठ संस्थान के पं. विनोद गौतम के अनुसार इस बार तिथियों की वृद्धि के कारण त्योहारों की तारीखों में बदलाव हुआ है। अमावस्या तिथि 8 नवंबर सुबह 11:27 बजे से शुरू होकर 9 नवंबर दोपहर 12:31 बजे तक रहेगी। भोपाल में महालक्ष्मी पूजन का श्रेष्ठ मुहूर्त शाम 6:05 से रात 8 बजे तक रहेगा। पं. गौतम के अनुसार दीपावली पर प्रदोष काल शाम 5:31 से रात 8:09 बजे तक रहेगा, जबकि निशीथ काल रात 11:39 से 12:31 बजे तक रहेगा। श्रद्धालु इस दौरान परंपरा के अनुसार महालक्ष्मी और भगवान गणेश का पूजन करेंगे। 10 नवंबर को गोवर्धन पूजा, 11 को भाई दूज दीपावली के बाद 10 नवंबर मंगलवार को गोवर्धन पूजा और अन्नकूट का पर्व मनाया जाएगा। प्रतिपदा तिथि 9 नवंबर दोपहर 12:31 बजे से शुरू होकर 10 नवंबर दोपहर 2:02 बजे तक रहेगी। गोवर्धन पूजा का सुबह का शुभ मुहूर्त 6:40 से 8:50 बजे तक रहेगा। वहीं अन्नकूट के लिए दोपहर 3:46 से शाम 6:02 बजे तक का समय बताया गया है। इस दिन गौ-पूजन और गोवर्धन परिक्रमा का विशेष महत्व है। इसके बाद 11 नवंबर बुधवार को भाई दूज और यम द्वितीया के साथ पांच दिवसीय दीपोत्सव का समापन होगा। द्वितीया तिथि 10 नवंबर दोपहर 2 बजे से शुरू होकर 11 नवंबर दोपहर 3:53 बजे तक रहेगी। भाई दूज पर बहनों के तिलक करने का शुभ मुहूर्त दोपहर 1:10 से 3:20 बजे तक रहेगा। भोपाल में स्थानीय गणना के अनुसार यह समय दोपहर 1:30 से 3:46 बजे तक रहेगा। पं. विनोद गौतम के अनुसार तिथियों की वृद्धि के कारण इस वर्ष दीपोत्सव के पर्वों के क्रम और तारीखों में अंतर है। श्रद्धालुओं को स्थानीय पंचांग के अनुसार मुहूर्त में पूजा-अर्चना करनी चाहिए।
दीपावली पर जलने की घटनाओं से निपटने के लिए अस्पतालों में विशेष इंतजाम दीपावली पर पटाखों से जलने की घटनाओं को देखते हुए भोपाल के जेपी अस्पताल में 5 बेड का विशेष बर्न वार्ड तैयार किया गया है, जबकि हमीदिया अस्पताल में भी 10 बेड का बर्न वार्ड बनाया गया है। दोनों अस्पतालों में मरीजों के इलाज के लिए जरूरी व्यवस्थाएं की गई हैं। डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ को 24 घंटे राउंड द क्लॉक ड्यूटी पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा बर्न इंजरी के इलाज से जुड़े अन्य विभागों के डॉक्टरों की भी ड्यूटी लगाई जाएगी, ताकि रात के समय भी मरीजों को तत्काल उपचार मिल सके। अस्पतालों में स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे आपात स्थिति में इलाज प्रभावित न हो।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here