इंदौर के लसूडिया थाना क्षेत्र में एक अस्पताल संचालक के घर से उनका ड्राइवर 25 लाख रुपए नकद और कार की चाबी लेकर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी ड्राइवर के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार निपानिया निवासी मनीष संघवी एबी रोड स्थित एक अस्पताल का संचालन करते हैं। मंगलवार को उन्होंने अस्पताल की करीब 25 लाख रुपए की नकदी अपनी कार में रखी थी, जिसे बैंक में जमा कराने वाले थे। इसी दौरान वे एक जरूरी काम से बाहर चले गए। उनके साथ ड्राइवर दीपक सोलंकी भी था। शाम को ड्राइवर ने कार में डीजल खत्म होने की बात कही। कुछ देर बाद जब मनीष वापस आए तो कार वहीं खड़ी थी, लेकिन दीपक गायब था। उन्होंने उसके मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन स्विच ऑफ मिला। कार की दूसरी चाबी से लॉक खोलने पर उसमें रखे 25 लाख रुपये भी गायब मिले। काफी तलाश के बाद भी दीपक वापस नहीं लौटा। इसके बाद बुधवार को मनीष ने लसूडिया थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी ड्राइवर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। व्यापारी के घर से भी जेवर और नकदी चोरी उधर, सेंट्रल कोतवाली थाना क्षेत्र के जावदवाला बिल्डिंग निवासी मुस्तफा लोखंडवाला के घर भी चोरी की वारदात हुई। मुस्तफा ने पुलिस को बताया कि वे परिवार के साथ एक मस्जिद में आयोजित कार्यक्रम में गए थे। रात को लौटने पर घर की अलमारी का ताला टूटा मिला। अलमारी से चार सोने की चूड़ियां, एक अंगूठी और 25 हजार रुपये नकद गायब थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
