दो दिन पहले बुधवार को नगर निगम ने शहर की प्रमुख सड़कों पर प्राथमिकता से पैचवर्क और गड्ढे भरने का दावा किया था। दैनिक भास्कर ने गुरुवार को इन्हीं सड़कों की पड़ताल की। सभी जगह हालत खराब मिली। निगम प्रशासन का कहना है कि मानसून में लोगों की आवाजाही आसान बनाने के लिए तेजी से काम किया गया, लेकिन हकीकत यह है कि इन प्रमुख मार्गों पर अब भी गड्ढे और उखड़ी बजरी लोगों की परेशानी बढ़ा रहे हैं। दूसरी ओर, जब निगम के अधिकारियों से पूछा कि अब तक कहां-कहां और कितनी सड़कों पर पैचवर्क कराया है, तो वे इसका ब्योरा भी नहीं दे सके। अधिकारी यह तक नहीं बता पाए कि उनकी टीम ने कुल कितनी सड़कों, कितने किलोमीटर या कितने वर्गमीटर हिस्से में पैचवर्क किया है। उनका सिर्फ इतना कहना था कि पूरे शहर में पैचवर्क का काम चल रहा है। निगम की सूची में शामिल सड़कें, लेकिन हालात कुछ और निगम की सड़कों पर हमारे इंजीनियर लगातार सीएंडडी मटेरियल, डामर और डस्ट से पैचवर्क और गड्ढे भरने का काम कर रहे हैं। जहां तक पीडब्ल्यूडी की मुख्य सड़कों का सवाल है, उनका रखरखाव संबंधित विभाग करता है। अगर पॉलीटेक्निक या बाणगंगा चौराहे के किसी हिस्से में बड़ा गड्ढा छूट गया है तो हमें बताएं। टीम भेजकर तुरंत मरम्मत कराएंगे। -आरआर जारोलिया, प्रभारी अधीक्षण यंत्री, सिविल, नगर निगम
