पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ‘राहुल भैया’ ने विदिशा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि कांग्रेस को 25 साल का सत्ता वनवास खत्म करना है तो नेताओं और कार्यकर्ताओं को गुटबाजी छोड़नी होगी। रविवार को विदिशा पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर में कई स्थानों पर फूल-मालाओं और पुष्पवर्षा से उनका स्वागत किया। जिला कांग्रेस कार्यालय में जिलाध्यक्ष मोहित रघुवंशी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उनका अभिनंदन किया। यहां एक संगठनात्मक बैठक में उन्होंने जिले के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से आगामी रणनीति पर चर्चा की। शहनाई गार्डन में आयोजित कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम में अजय सिंह ने कहा कि कांग्रेस पिछले करीब 25 वर्षों से प्रदेश की सत्ता से बाहर है। उन्होंने जोर दिया कि अब समय आपसी मतभेद भुलाकर जनता के बीच जाने और कांग्रेस को बूथ स्तर तक मजबूत करने का है। अजय सिंह ने बताया कि वे पिछले कुछ महीनों से पूरे प्रदेश का दौरा कर रहे हैं और अब तक 40 से अधिक जिलों में कार्यकर्ताओं से संवाद कर चुके हैं। इस दौरान वे ऐसे कांग्रेस कार्यकर्ताओं से भी मिले हैं, जो लंबे समय से संगठन की गतिविधियों से दूर थे। उन्होंने कहा कि कई जिलों में ऐसे कार्यकर्ता दोबारा सक्रिय होकर पार्टी के साथ जुड़ रहे हैं, जो कांग्रेस के लिए सकारात्मक संकेत है। अजय सिंह ने कार्यकर्ताओं को कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत बताया और एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा, ‘हम करीब 25 साल से मध्य प्रदेश की सत्ता से बाहर हैं। अगर अब भी हम गुटों में बंटे रहेंगे तो फिर सत्ता से बाहर ही बैठे रहेंगे।’ उन्होंने सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं से व्यक्तिगत राजनीति छोड़कर संगठन हित में काम करने का आग्रह किया।
