भास्कर संवाददाता | सबलगढ़ शहर में स्थित अग्रवाल समाज धर्मशाला में शुक्रवार शाम आयोजित गरिमामय समारोह में नवनिर्मित अन्नपूर्णा रसोई हॉल एवं एक बड़े कक्ष का लोकार्पण किया गया। मुख्य अतिथि जिला अग्रवाल महासभा के अध्यक्ष गोपाल गुप्ता तथा विशिष्ट अतिथि अग्रवाल जनकल्याण विकास समिति के संरक्षक डॉ. एमपी गुप्ता रहे। धर्मशाला की सबसे ऊपरी मंजिल पर बनाए गए रसोई हॉल और नए कक्ष से अब गोद भराई, जन्मदिन, धार्मिक आयोजन, सामाजिक बैठकें और छोटे कार्यक्रम आसानी से आयोजित किए जा सकेंगे। शहर के मध्य स्थित होने के कारण यह सुविधा समाज के साथ-साथ सभी नगरवासियों को भी किफायती दरों पर उपलब्ध रहेगी। पूर्व ब्लॉक शिक्षा अधिकारी बीएल बंसल ने अपने स्वर्गीय पिता भगवानलाल बंसल, माता स्वर्गीय ल्हौरी बाई बंसल एवं स्वर्गीय पुत्री प्रीति बंसल की स्मृति में इस निर्माण कार्य का सहयोग किया। पिछले छह माह में धर्मशाला की व्यापक मरम्मत भी कराई गई, जिसमें छत के रिसाव को रोका गया, कमरों की मरम्मत, बिजली फिटिंग, रंगाई-पुताई, खिड़कियों व दीवारों का नवीनीकरण तथा शौचालयों का निर्माण कराया गया। अग्रवाल समाज के अध्यक्ष डॉ. मातादीन सिंगल, निर्माण समिति अध्यक्ष कौशल गर्ग और कोषाध्यक्ष नवलेश गुप्ता ने बताया कि धर्मशाला में पहले से जनरेटर, पानी, फर्नीचर और भोजन बनाने की व्यवस्था उपलब्ध है। मुख्य अतिथि गोपाल गुप्ता ने समाज की एकता और जनसेवा की भावना को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। समारोह में समाज के पूर्व पदाधिकारी, महिला एवं युवा प्रकोष्ठ के प्रतिनिधियों सहित 50 से अधिक अग्रबंधु उपस्थित रहे।
