बैतूल पुलिस ने एयरफोर्स में चयनित मोहित गलफट की संदिग्ध हालात में मौत की गुत्थी सुलझा ली है। मोहित के जीजा राजा मस्की, चचेरे भाइयों- संजय उर्फ पिंटिया गलफट और आकाश गलफट ने जमीन पर कब्जे की नीयत से उसकी हत्या की थी। पुलिस ने मंगलवार को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। 20 वर्षीय मोहित का चयन अग्निवीर वायु भर्ती प्रक्रिया के लिए हो गया था। 25 जुलाई को ही उसे लेटर मिला था। उसने गांव के हनुमान मंदिर में प्रसाद और मिठाई चढ़ाई। फिर परिचितों को मिठाई बांटने की बात कहकर घर से निकला, लेकिन वापस नहीं लौटा। उसका शव 26 जुलाई की सुबह खेत के कुएं में मिला था। गले में करीब चार फीट लंबी एल्यूमीनियम केबल लिपटी थी। बहाना बनाकर झोपड़ी में लाए, फिर घोंटा गला पुलिस के मुताबिक, मिठाई बांटकर घर लौट रहे मोहित को रास्ते में संजय और आकाश मिले। उन्होंने मोहित से दूसरे मंदिर में चलने के लिए कहा, फिर बहाना बनाकर खेत में बनी झोपड़ी ले आए। यहां राजा मस्की पहले से मौजूद था। झोपड़ी में पहुंचते ही तीनों ने उसे दबोच लिया। संजय और राजा ने उसके हाथ पकड़े जबकि आकाश ने एल्यूमीनियम केबल उसके गले में कई बार लपेटकर कस दी। मोहित की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद तीनों ने मिलकर मोहित के शव को बोरी में डाला, फिर खेत में बने कुएं में फेंक दिया। पुलिस को गुमराह करने के लिए उसके जूते कुएं के पास रख दिए। साजिश के तहत ऐसे निशान कुएं के पास छोड़े, जिससे मामला दुर्घटना या खुदकुशी का लगे। जीजा की पारिवारिक जमीन पर नजर थी जांच के दौरान पुलिस को पता लगा कि मोहित की बहन शिवानी ने राजा मस्की से प्रेम विवाह किया था। राजा की नजर अपने ससुर मंचित गलफट की 8 एकड़ कृषि भूमि पर थी। उसे लगता था कि मोहित के रास्ते से हटने पर पत्नी के माध्यम से इस जमीन पर उसका अधिकार हो सकता है। वहीं, चचेरे भाई- संजय और आकाश के परिवार का मोहित के परिवार से खेत और कुएं को लेकर विवाद चल रहा था। आरोपियों को आशंका थी कि मोहित वायुसेना में भर्ती हो गया तो आर्थिक रूप से मजबूत हो जाएगा। जिसके बाद उसकी पैतृक जमीन पर कब्जा करना मुश्किल होगा। इसके चलते 5 जुलाई को तीनों ने मिलकर मोहित को मारने की प्लानिंग की। झोपड़ी में छूटे मोबाइल से मिला सुराग पुलिस ने बताया कि वारदात के दौरान मोहित का मोबाइल झोपड़ी में ही छूट गया, जिससे पहला सुराग मिला। तहकीकात के दौरान कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए पुलिस आरोपियों तक पहुंच गई। जांच के दौरान संजय और आकाश के पिता नारायण द्वारा दोनों को मोहित के मर्डर के लिए उकसाने की बात भी सामने आई है। इस पहलू की जांच जारी है। मामले से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… एयरफोर्स में चयन पर बांटी मिठाई, कुएं में मिला शव बैतूल के आठनेर थाना क्षेत्र के पुसली गांव में भारतीय वायु सेना में चयनित 21 वर्षीय मोहित गलफट की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजन के मुताबिक, शनिवार को ही उसे एयरफोर्स का जॉइनिंग लेटर मिला था। रात में मंदिर जाने की बात कहकर घर से निकला, लेकिन वापस नहीं लौटा। पढे़ं पूरी खबर…
