राज्य प्रशासनिक सेवा के 13 और राज्य पुलिस सेवा के 9 अधिकारी इस साल आईएएस और आईपीएस कैडर पाएंगे। इन अफसरों की सीआर और परफार्मेंस के आधार पर संघ लोक सेवा आयोग तथा एमपी के सीएस-डीजीपी की कमेटी वाली टीम इन पदों के लिए चयनित करेगी। इसके लिए जल्दी ही तारीख तय होगी और डीपीसी में नाम फाइनल किए जाएंगे। आईएएस के लिए 39 और आईपीएस अवार्ड के लिए 27 नामों पर विचार किया जाएगा। वर्ष 2025 में रिटायर हुए प्रमोटी आईएएस और आईपीएस के रिक्त स्थानों पर पदोन्नति से इसी कैटेगरी के अधिकारियों की भर्ती की जाएगी। इसके लिए प्रदेश के सामान्य प्रशासन विभाग ने राज्य प्रशासनिक सेवा से आईएएस और गृह विभाग ने आईपीएस अवार्ड के लिए भेजे जाने वाले नामों का चयन कर लिया है। इन अधिकारियों की डीपीसी के पहले उनकी सीआर और अन्य जानकारी भरने के लिए फार्मेट उन्हें उपलब्ध कराए गए हैं। इसकी जानकारी आने के बाद राज्य प्रशासनिक सेवा के 13 अफसरों को आईएएस पद पर प्रमोट करने के लिए 39 नामों की सूची भेजी जाएगी। साथ ही यूपीएससी को डीपीसी की तारीख भी प्रस्तावित की जाएगी जिसके बाद बैठक की तिथि तय होते ही अच्छी सीआर वाले नामों को हरी झंडी मिलेगी। आईएएस के लिए 2007 और 2008 बैच के राज्य प्रशासनिक सेवा के अफसरों के नामों पर विचार होगा। इसी तरह की प्रक्रिया आईपीएस अवार्ड के लिए भी होती है। 2007 और 2008 बैच के इन राप्रसे अफसरों के नाम पर होगी चर्चा आईएएस में चयन के लिए होने वाली डीपीसी में राज्य प्रशासनिक सेवा के 2007 और 2008 बैच के 39 नाम चुने गए हैं। इसमें 1999 बैच के जयेंद्र विजयवत, मनोज मालवीय आयु सीमा के चलते फिटनेस से बाहर हो चुके हैं। इसके अलावा 2002 बैच के कमल नागर का मामला कोर्ट में है। इसलिए उनका भी केस पिछली बार की तरह टल सकता है। 2007 बैच के मिनिषा पांडे, इला तिवारी, नीता राठौर, शैलेंद्र सिंह सोलंकी, रानी पासी, रंजना देवड़ा, माधवी नागेंद्र, वर्षा सोलंकी, प्रियंका गोयल, अभिषेक दुबे, नरोत्तम प्रसाद भार्गव, निधि सिंह राजपूत, निमिषा जायसवाल, संदीप सोनी समेत 39 नामों पर डीपीसी की बैठक में पदोन्नति के लिए विचार किया जाएगा। पदक्रम सूची में इला तिवारी के बाद शामिल 2007 बैच की सपना एम लोवंशी जांच के चलते डीपीसी से बाहर हो सकती हैं। 1997 और 1998 बैच के एसपीएस बनेंगे आईपीएस आईपीएस अवार्ड के लिए गृह विभाग की प्रक्रिया सामान्य प्रशासन विभाग से आगे चल रही है। नौ अफसरों को प्रमोट करने डीपीसी की तारीख तय करने का प्रस्ताव भेजा जा चुका है। राज्य पुलिस सेवा के अफसरों की डीपीसी में इस बार 1997 और 1998 बैच के अधिकारियों के नामों पर विचार किया जाएगा। आईपीएस के लिए इनके नाम पर होगा विचार राज्य पुलिस सेवा से भारतीय पुलिस सेवा के लिए जिन अफसरों के नाम पर विचार किया जाएगा उनमें 1997 बैच के सीताराम, अमृत मीणा, वर्ष 1998 बैच के निमिषा पांडेय, राजेश मिश्रा, मलय जैन, अमित सक्सेना, मनीषा सोनी, सुमन गुर्जर, संदीप मिश्रा, सब्यसाची सर्राफ, समर वर्मा, सत्येन्द्र सिंह तोमर समेत कुल 27 नाम हैं। इसमें से अमृत मीणा की जाति प्रमाण पत्र और राजेश मिश्रा की विभागीय जांच के चलते डीपीसी अटक सकती है और इनका लिफाफा बंद हो सकता है।
