बंगाल की खाड़ी में बने तूफान ‘अकवान’ का मध्य प्रदेश में भी असर दिखेगा। IMD (मौसम केंद्र) भोपाल ने 20 और 21 नवंबर को जबलपुर, रीवा, शहडोल, नर्मदापुरम और इंदौर संभाग में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। चक्रवात का 21 नवंबर को ज्यादा असर रहेगा। बालाघाट और डिंडौरी में भारी बारिश का अलर्ट है। यहां अगले 24 घंटे में ढाई से साढ़े 4 इंच तक पानी गिर सकता है। इसके अलावा मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, मैहर, कटनी, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, जबलपुर, मंडला, सिवनी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, खंडवा, बुरहानपुर, खरगोन में भी 40 से 50Km प्रतिघंटे की रफ्तार से आंधी और बारिश होने का अनुमान है। 20 नवंबर को शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला, सिवनी और बालाघाट में हल्की बारिश की संभावना है। इससे पहले प्रदेश में बादल वाला मौसम रहेगा। भोपाल में पिछले 2 दिन से बादल छा रहे हैं। वहीं, धुंध का असर भी है। शहडोल का कल्यापुर सबसे ठंडा, पारा 9.9 डिग्री रहा
बीती रात शहडोल का कल्याणपुर सबसे ठंडा रहा। यहां न्यूनतम तापमान 9.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। कटनी के करौंदी में 10.9 डिग्री, दमोह में 12 डिग्री, नौगांव में 12.2 डिग्री, उमरिया में 13.1 डिग्री, पचमढ़ी में 13.2 डिग्री, छिंदवाड़ा-जबलपुर में 13.6 डिग्री रहा। भोपाल, खजुराहो-ग्वालियर में 13.18 डिग्री, मंडला में 14 डिग्री, सतना-सीधी में 14.2 डिग्री, बैतूल में 14.3 डिग्री और मलाजखंड में 14.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बर्फबारी से बढ़ी ठंड
जानकारी के मुताबिक, कश्मीर और उत्तराखंड के कई इलाकों में बर्फबारी हो रही है। इस वजह से प्रदेश में ठंड का असर है। जब सिस्टम आगे बढ़ेगा, तब तेज सर्दी पड़ेगी। नवंबर के दूसरे सप्ताह से ठंड बढ़ने का ट्रेंड
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, मध्य प्रदेश में नवंबर के पिछले 10 साल के ट्रेंड पर नजर डालें तो 9 साल दूसरे पखवाड़े में तेज ठंड पड़ी है। इस बार भी 20 नवंबर के बाद प्रदेश में ठंड का असर बढ़ने का अनुमान है। अब जानिए नवंबर में कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, नवंबर के दूसरे सप्ताह से ठंड का असर और बढ़ेगा। खासकर ग्वालियर-चंबल संभाग के जिलों में, जहां उत्तरी हवाएं सीधी आती हैं, वहां पारा लुढ़केगा। ग्वालियर में 57 साल पहले नवंबर में रात का टेम्प्रेचर रिकॉर्ड 3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। उज्जैन में 53 साल पहले न्यूनतम पारा रिकॉर्ड 2.3 डिग्री तक जा चुका है। भोपाल, इंदौर, जबलपुर में इस महीने बारिश का ट्रेंड है। इस बार नवंबर के शुरुआत में ही बारिश का अलर्ट है। तीसरे और चौथे सप्ताह में सिस्टम एक्टिव होने से भी बारिश हो सकती है। मैप से समझें, 20-21 नवंबर को कैसा रहेगा मौसम अब जानिए, नवंबर में 5 बड़े शहरों का मौसम… भोपाल: 10 साल में 3 बार बारिश हो चुकी
नवंबर में राजधानी में रात का तापमान 9 से 12 डिग्री सेल्सियस पहुंच जाता है। पिछले 10 साल से ऐसा ही ट्रेंड रहा है। इस बार भी दूसरे सप्ताह से पारा तेजी से लुढ़केगा। मौसम विभाग के अनुसार, भोपाल में नवंबर में रात का तापमान 6.1 डिग्री तक पहुंच चुका है। यह 30 नवंबर 1941 को दर्ज किया गया था। इस महीने बारिश होने का ट्रेंड भी है। 10 साल में तीन बार बारिश हो चुकी है। साल 1936 में महीने में साढ़े 5 इंच से ज्यादा पानी गिर चुका है। इंदौर: 5.6 डिग्री तक जा चुका न्यूनतम पारा
इंदौर में ठंड का असर रहता है। खासकर दूसरे सप्ताह से पारा तेजी से गिरता है। इस वजह से रातें ठंडी हो जाती हैं और टेम्प्रेचर 10 से 12 डिग्री के बीच रहता है। हालांकि, 25 नवंबर 1938 को पारा 5.6 डिग्री सेल्सियस तक जा चुका है। कभी-कभार बारिश भी हो जाती है। दिन में 31 से 33 डिग्री के बीच तापमान रहता है। ग्वालियर: 1927 में 3 इंच पानी गिरा था
पिछले 10 साल के आंकड़ों पर नजर डालें तो ग्वालियर में पारा 8 डिग्री तक पहुंच चुका है। 54 साल पहले वर्ष 1970 में टेम्प्रेचर 3 डिग्री तक पहुंच चुका है। यह ओवरऑल रिकॉर्ड है। 2 नवंबर 2001 को दिन का तापमान 37.3 डिग्री तक पहुंच चुका है, जबकि यह सामान्य तौर पर 33 से 35 डिग्री के बीच रहता है। इस महीने बारिश भी होती है। 1927 में पूरे महीने 3 इंच से ज्यादा पानी गिरा था। 10 साल में 3 बार ऐसा ही मौसम रह चुका है। जबलपुर: 1946 में 6 इंच से ज्यादा बारिश
पिछले 10 साल में 2022 में न्यूनतम पारा 7.8 डिग्री तक जा चुका है। ओवरऑल रिकॉर्ड 12 नवंबर 1989 को दर्ज किया गया था, तब टेम्प्रेचर 3.9 डिग्री तक पहुंच गया था। 1946 में पूरे महीने 6 इंच से ज्यादा पानी गिरा था। 10 साल में दो बार बारिश हो चुकी है। दिन में 30 से 33 डिग्री के बीच तापमान रहता है। उज्जैन: न्यूनतम तापमान 10-11° के बीच रहता है
यहां 30 नवंबर 1974 को रात का तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच चुका है। यह ओवरऑल रिकॉर्ड है। वहीं, 6 नवंबर 2008 को दिन का तापमान 36.5 डिग्री रहा था। पिछले 10 साल की बात करें तो न्यूनतम तापमान 10-11 डिग्री के बीच रहा है, जबकि दिन में यह 33 से 35 डिग्री के बीच पहुंच चुका है।
