प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित निगम-मंडलों के अध्यक्षों व उपाध्यक्षों की अहम बैठक में संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल और आगामी कार्ययोजनाओं पर मंथन किया गया। भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर तिवारी ने विभिन्न श्रेणियों की बैठक ली। बैठक के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने मीडिया से चर्चा करते हुए आगामी अभियानों की जानकारी दी। सेवादूत अभियान के जरिए घर-घर पहुंचेंगी योजनाएं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के सफलतम 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 1 से 25 दिसंबर (अटल जी की जयंती) तक ‘सेवादूत अभियान’ चलाया जाएगा। इसके तहत संगठन और सरकार मिलकर केंद्र व राज्य की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति और छूटे हुए क्षेत्रों तक पहुंचाएंगे। सीएम ने स्पष्ट किया कि वे स्वयं इस अभियान की मॉनिटरिंग करेंगे और इसमें मंत्री, निगम-मंडलों के पदाधिकारी व कार्यकर्ता पूरी ताकत से जुटेंगे। उन्होंने यह भी घोषणा की कि किसान कल्याण वर्ष के समापन के बाद प्रदेश सरकार अगला वर्ष ‘युवा वर्ष’ के रूप में मनाएगी, जो युवाओं और रोजगार से जुड़े विषयों को समर्पित रहेगा। निगम-मंडलों के कामकाज की समीक्षा और बची नियुक्तियों पर मंथन बैठक के दौरान निगम-मंडलों और प्राधिकरणों के अब तक के कामकाज की गहन समीक्षा की गई। पदाधिकारियों ने राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश को अपने कार्यों का ब्यौरा सौंपा। बैठक में तय किया गया कि सेवादूत कार्यक्रम के दौरान निगम और प्राधिकरण अपने-अपने संबद्ध क्षेत्रों में किए गए विकास कार्यों का व्यापक प्रचार-प्रसार करेंगे। इसके साथ ही शेष बचे प्राधिकरणों और निगमों में रुकी हुई नियुक्तियों को लेकर भी चर्चा हुई। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने बताया बैठकों का उद्देश्य भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने जानकारी दी कि राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश जी के दो दिवसीय प्रवास के दौरान प्रदेश पदाधिकारियों, संभाग व जिला प्रभारियों, जिलाध्यक्षों, निगम-मंडल अध्यक्षों, आईटी व सोशल मीडिया सहित सभी मोर्चों और प्रकोष्ठों की बैठकें आयोजित की गईं। इन बैठकों में पिछले कार्यक्रमों की समीक्षा करने के साथ ही आगामी कार्यक्रमों की रचना और क्रियान्वयन की रूपरेखा तैयार की गई, जिसमें मुख्यमंत्री जी का मार्गदर्शन भी प्राप्त हुआ। भोपाल को मिलेगी अंतरराष्ट्रीय एस्ट्रोटर्फ स्टेडियम की सौगात मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भोपाल में महिला हॉकी एशियन चैंपियनशिप के शुभारंभ को मध्य प्रदेश के लिए गौरव का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की धरती पर विदेशी टीमों को खेलते देखना एक सुखद अनुभव है। खेल अधोसंरचना का जिक्र करते हुए सीएम ने बताया कि राज्य में वर्तमान में 18 एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम हैं और 9 अन्य निर्माणाधीन हैं। आगामी 22 नवंबर को भोपाल के अंतरराष्ट्रीय स्तर के एस्ट्रोटर्फ स्टेडियम का औपचारिक शुभारंभ कर जनता को इसकी सौगात दी जाएगी। इसके अलावा उन्होंने ग्वालियर अंचल को टेलीकॉम सेक्टर में मिली बड़ी सौगात का भी उल्लेख किया।
