मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) नायब तहसीलदार बनने के लिए सीमित विभागीय प्रतियोगिता परीक्षा-2026 आयोजित करेगा। राजस्व विभाग में कार्यरत पात्र पटवारी, राजस्व निरीक्षक (RI) और लिपिक वर्गीय सेवा संवर्ग के कर्मचारी इसमें शामिल हो सकेंगे। ऑनलाइन आवेदन 17 सितंबर से 1 अक्टूबर 2026 तक किए जा सकेंगे। आवेदन में संशोधन की सुविधा 6 अक्टूबर तक रहेगी। परीक्षा 14 नवंबर से संभावित है। इस परीक्षा के जरिए नायब तहसीलदार के कुल 73 पद भरे जाएंगे। इनमें लिपिक वर्गीय सेवा संवर्ग के 46 और पटवारी-राजस्व निरीक्षक संवर्ग के 27 पद शामिल हैं। परीक्षा भोपाल, इंदौर, जबलपुर और उज्जैन में होगी। 5 साल का अनुभव और स्नातक डिग्री जरूरी
परीक्षा में शामिल होने के लिए अभ्यर्थी का राजस्व विभाग में किसी लिपिक वर्गीय पद, पटवारी या राजस्व निरीक्षक के रूप में कम से कम 5 साल से स्थायी या स्थानापन्न रूप से काम करने का अनुभव होना जरूरी है। साथ ही मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से कला, विज्ञान, वाणिज्य या कृषि में स्नातक उपाधि होना अनिवार्य है। न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता आवेदन की तारीख तक पूरी होना जरूरी है। इसके बाद योग्यता पूरी करने पर नियुक्ति की पात्रता नहीं रहेगी। 1 जनवरी 2026 को अभ्यर्थी की अधिकतम आयु 55 साल से अधिक नहीं होनी चाहिए। किसी भी अभ्यर्थी को इस योजना के तहत परीक्षा में तीन बार से अधिक शामिल होने का मौका नहीं दिया जाएगा। लिपिक संवर्ग के 46 पद सीमित विभागीय प्रतियोगिता परीक्षा के जरिए लिपिक वर्गीय सेवा संवर्ग से नायब तहसीलदार के 46 पद भरे जाएंगे। इनमें 32 पद सामान्य प्रशासन विभाग के आरक्षण रोस्टर के अनुसार और 14 पद बैकलॉग के हैं। 32 पदों में अनारक्षित वर्ग के 9, EWS के 3, अनुसूचित जाति के 5, अनुसूचित जनजाति के 6 और OBC के 9 पद शामिल हैं। OBC वर्ग के लिए 14% और 13% आरक्षण के आधार पर अलग-अलग पद संख्या निर्धारित की गई है। पटवारी-राजस्व निरीक्षक संवर्ग के 27 पद पटवारी और राजस्व निरीक्षक संवर्ग में सीमित विभागीय प्रतियोगिता परीक्षा के जरिए नायब तहसीलदार के 27 पद भरे जाएंगे। इनमें 12 पद सीधी भर्ती और 15 पद बैकलॉग के हैं। 12 पदों में अनारक्षित वर्ग के 4, EWS का 1, अनुसूचित जाति के 2, अनुसूचित जनजाति के 2 और OBC के 3 पद शामिल हैं। इस संवर्ग में भी OBC के लिए 14% और 13% आरक्षण के आधार पर पद निर्धारित किए गए हैं। वेतनमान ₹36,200 से ₹1,14,800 नायब तहसीलदार पद के लिए मध्यप्रदेश वेतन पुनरीक्षण नियम 2017 के वेतन मैट्रिक्स के लेवल-9 के तहत वेतनमान ₹36,200 से ₹1,14,800 निर्धारित है। इसके अलावा नियमानुसार महंगाई भत्ता देय होगा। परीक्षा में 55 अंक जरूरी, ST के लिए 40 अभ्यर्थी को परीक्षा में कम से कम 55 अंक प्राप्त करना जरूरी होगा। अनुसूचित जनजाति (ST) वर्ग के उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम 40 अंक निर्धारित हैं। महिलाओं के लिए 35% पद और दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए कुल 6% आरक्षण का प्रावधान है। कर्मचारी चयन मंडल अभ्यर्थियों की योग्यता के क्रम में सूची तैयार कर प्रमुख राजस्व आयुक्त को भेजेगा। इसके बाद नियुक्ति संबंधी आगे की कार्रवाई की जाएगी। विभागीय जांच या आपराधिक मामला लंबित तो पात्रता नहीं यदि किसी आवेदक के खिलाफ विभागीय जांच लंबित है या आरोप पत्र जारी किया गया है, पिछले 5 साल के दौरान वार्षिक गोपनीय प्रतिवेदन में कोई प्रतिकूल टिप्पणी की गई है अथवा न्यायालय या किसी प्राधिकारी के समक्ष कोई आपराधिक कार्यवाही लंबित है, तो वह नियुक्ति के लिए पात्र नहीं होगा। मूल निवासी प्रमाण पत्र की जरूरत नहीं यह राजस्व विभाग में वर्तमान में कार्यरत कर्मचारियों के लिए सीमित विभागीय प्रतियोगिता परीक्षा है। इसलिए आवेदकों को मूल निवासी प्रमाण पत्र की आवश्यकता नहीं होगी। आवेदन पत्र में उम्मीदवार को अपना एम्प्लॉयी कोड दर्ज करना अनिवार्य होगा। पहचान पत्र और बायोमेट्रिक सत्यापन जरूरी परीक्षा के दौरान मूल फोटो पहचान पत्र लाना अनिवार्य होगा। इसके लिए मतदाता पहचान पत्र, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, आधार कार्ड या पासपोर्ट में से किसी एक दस्तावेज का उपयोग किया जा सकेगा। परीक्षा के समय आधार आधारित बहुस्तरीय बायोमेट्रिक सत्यापन भी किया जाएगा। 100 प्रश्न, 2 घंटे का समय परीक्षा लिखित एवं वस्तुनिष्ठ प्रकार की होगी। प्रश्नपत्र में 100 प्रश्न, 100 अंक और 2 घंटे का समय निर्धारित है। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। विभागीय उम्मीदवारों के लिए परीक्षा शुल्क ₹2,000 तय किया गया है। परीक्षा केंद्र में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण प्रतिबंधित परीक्षा केंद्र में मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर, स्मार्ट वॉच, ईयरफोन, रिकॉर्डिंग डिवाइस सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाना प्रतिबंधित रहेगा। अभ्यर्थियों को निर्धारित रिपोर्टिंग समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचना होगा।
