मध्यप्रदेश के कटनी में जमीन विवाद को लेकर एक बिजनेसमैन पर जानलेवा हमला हो गया। उद्योगपति मुकेश गुप्ता का आरोप है कि उनकी कनपटी पर रिवॉल्वर अड़ा दी गई, छोटे भाई के मोबाइल छीन लिए गए और 30-35 लोगों ने लाठी-डंडों से मारपीट की। उनकी कार में भी तोड़फोड़ की गई। गुप्ता का कहना है कि किसी तरह वे वहां से जान बचाकर निकले, नहीं तो उनकी हत्या हो सकती थी। बिजनेसमैन की शिकायत पर भाजपा नेताओं समेत आठ आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। वहीं दूसरे पक्ष ने सभी आरोपों को निराधार बताया है। जमीन पर कब्जा कर रहे थे कुछ लोग मुकेश गुप्ता ने बताया कि रविवार सुबह करीब 10 बजे उन्हें सूचना मिली कि दुगाड़ी नाला क्षेत्र स्थित उनकी जमीन पर कुछ लोग कब्जा कर रहे हैं। इस पर वे छोटे भाई राहुल गुप्ता और ड्राइवर हीरा सिंह के साथ मौके पर पहुंचे। करीब 10:30 बजे वहां पहुंचने पर देखा कि रमेश शुक्ला, उनके बेटे यज्ञवल (यशपाल) शुक्ला, हर्ष पाण्डेय और अरमान द्विवेदी जेसीबी से बाउंड्रीवॉल तोड़ रहे थे। 35 लोगों ने घेरा, कहा- दोनों को मार डालो गुप्ता के मुताबिक, उन्होंने सोचा कि बातचीत कर मामला सुलझा लिया जाएगा। जैसे ही वे गाड़ी से उतरकर उनके पास पहुंचे, अरमान द्विवेदी ने उनकी कनपटी पर रिवॉल्वर अड़ा दी। आरोप है कि राहुल गुप्ता के दोनों मोबाइल भी छीन लिए गए। उद्योगपति का आरोप है कि इसी दौरान रमेश शुक्ला और उनके बेटे ने वहां मौजूद लोगों से कहा, “दोनों को मार डालो।” इसके बाद 30-35 लोगों ने उन, उनके भाई और ड्राइवर पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। बिजनेसमैन बोले- 20 साल पुरानी हमारी जमीन मुकेश गुप्ता ने दावा किया कि यह जमीन पिछले 20 साल से उनकी है। उनके पिता ने तीन बार रमेश शुक्ला के साथ इसकी नपाई कराई थी। उसी दौरान तीन तरफ बाउंड्रीवॉल बनाई गई थी, जबकि एक तरफ पहले से पत्थर की बाउंड्री थी। उनका आरोप है कि अब बाउंड्री तोड़कर जमीन पर कब्जा करने की कोशिश की जा रही है। भाजपा नेता बोले- आरोप पूरी तरह निराधार
भाजपा युवा मोर्चा (माधव नगर मंडल) के नगर अध्यक्ष हर्ष पाण्डेय ने सभी आरोपों से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि वे अपने रिश्तेदार रमेश शुक्ला की जमीन पर सफाई और तारबंदी का काम करा रहे थे। इसी दौरान मुकेश गुप्ता और उनके साथी वहां पहुंचे, जिसके बाद विवाद हुआ। उन्होंने रिवॉल्वर तानने या किसी हथियार से हमला करने के आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया। दोनों पक्षों पर काउंटर केस, जल्द होगी गिरफ्तारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य ने बताया कि दोनों पक्ष एक ही राजनीतिक दल से जुड़े हैं। दोनों की शिकायतों पर काउंटर केस दर्ज किए गए हैं। मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी। माधवनगर थाना पुलिस ने मुकेश गुप्ता की शिकायत पर रमेश शुक्ला, यज्ञवल शुक्ला, हर्ष पाण्डेय, अरमान द्विवेदी, मनोज कुशवाहा, कोका शुक्ला, मनु परौहा और एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। वहीं, दूसरी ओर रमेश शुक्ला की शिकायत पर उद्योगपति मुकेश गुप्ता के खिलाफ भी BNS की धारा 296(बी), 115(2), 325(2), 351(2) और 191(2) के तहत केस दर्ज किया गया है।
