बिलासपुर में गणेश उत्सव के दौरान DJ पर नाचने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच मारपीट के दौरान तलवार, चाकू, लाठी-डंडे, लोहे की रॉड और पत्थर से हमला किया गया। हमले में गंभीर रूप से घायल शैलेष कुमार राठौर की इलाज के दौरान मौत हो गई। परिवार के कई लोग घायल हैं, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। उनका सिम्स में इलाज जारी है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस ने मामले में 11 संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मृतक की पत्नी ने कहा कि, मेरे बच्चे अनाथ हो गए। पति के हत्यारे को फांसी की सजा मिलनी चाहिए। घटना मस्तूरी थाना क्षेत्र की है। DJ पर नाचने को लेकर शुरू हुआ विवाद जानकारी के मुताबिक, रविवार रात करीब 10:30 से 11 बजे के बीच गतौरा के जनक पहरी इलाके में गणेश पंडाल में DJ बज रहा था। इसी दौरान नाचने को लेकर विवाद शुरू हुआ। परिजनों के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच पहले से भी विवाद था। कुछ ही देर में कहासुनी मारपीट में बदल गई। आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने परिवार के सदस्यों पर तलवार, चाकू समेत धारदार हथियारों, लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से हमला किया। पथराव किए जाने की बात भी सामने आई है। इलाज के दौरान शैलेष ने तोड़ा दम हमले में शैलेष कुमार राठौर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना में मृतक के पिता व्यास नारायण राठौर और बड़े भाई रवि कुमार राठौर के घायल होने की जानकारी सामने आई है। बीच-बचाव करने पहुंचे विक्रम राठौर और विकास राठौर के भी घायल होने की बात कही जा रही है। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका सिम्स में इलाज जारी है। 14 संदेही हिरासत में, हथियारों की भूमिका भी जांच रही पुलिस घटना की सूचना मिलते ही मस्तूरी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले में 11 संदेहियों को हिरासत में लिया है। सभी से पूछताछ की जा रही है। परिजनों का दावा है कि हमले में करीब 13 से 15 लोग शामिल थे। हालांकि पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि घटना में कौन-कौन शामिल था और किसकी क्या भूमिका रही। एडिशनल एसपी ने मौके पर पहुंचकर की जांच घटना की गंभीरता को देखते हुए सोमवार सुबह एडिशनल एसपी ग्रामीण मधुलिका सिंह भी गतौरा पहुंचीं। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस अधिकारियों से घटना की जानकारी ली। पुलिस पुराने विवाद, DJ पर नाचने को लेकर हुए तत्काल विवाद और उसके बाद हुए हमले के पूरे घटनाक्रम को जोड़कर जांच कर रही है। पत्नी ने आरोपियों को फांसी देने की मांग की मृतक शैलेष राठौर की पत्नी ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए फांसी की सजा देने की मांग की है। वहीं, परिजनों और स्थानीय लोगों ने कुछ आरोपियों के कथित अवैध कब्जे पर बने होटल के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई की मांग भी की है। पुलिस का कहना है कि, FIR दर्ज कर हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है। बाकी सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई जारी है। ……………………. इससे संबंधित यह खबरें भी पढ़िए… उधारी के 30 लाख नहीं दिए, टीचर ने मार डाला: जंगल ले जाकर हथौड़े से दोस्त का सिर फोड़ा; ट्रेडिंग के लिए दिए थे पैसे रायपुर में एक टीचर ने ट्रेडिंग करने वाले अपने दोस्त की हत्या कर दी। चंद्रप्रकाश वर्मा ने अपने साथी शिवकुमार चंद्राकर को 30 लाख उधार दिए थे। इसके बदले वह ब्याज लेता था। पिछले तीन महीने से उसे ब्याज नहीं मिला था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। पढ़ें पूरी खबर…
