मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को छिंदवाड़ा में प्रभारी CMHO, एक तहसीलदार और हल्का नंबर-2 के पटवारी को सस्पेंड कर दिया। CM ने बताया- लगातार शिकायतें मिल रही थीं, इसलिए कार्रवाई की गई। जनता की शिकायतों की अनदेखी करने वालों को सरकार बख्शेगी नहीं। CM ने जिन अधिकारी और कर्मचारियों को सस्पेंड किया है, उनमें प्रभारी CMHO डॉ. नरेश गुन्नाड़े, तहसीलदार सुनैना ब्रम्हे और पटवारी सिद्धांत साहू शामिल हैं। डॉ. नरेश गुन्नाड़े को सीमा तुमराम को प्रसूति सहायता राशि नहीं मिलने पर कार्रवाई की गई है। सीमा ने सीएम हेल्पलाइन में शिकायत की थी। वहीं, परासिया निवासी शिकायतकर्ता विनोद बंजारा की सीएम हेल्पलाइन शिकायत का लंबे समय तक निराकरण नहीं होने पर तहसीलदार सुनैना ब्रम्हे को निलंबित किया गया। साथ ही चौरई निवासी शिकायतकर्ता गोविंद नायक की सीएम हेल्पलाइन शिकायत का समय पर निराकरण नहीं करने पर पटवारी सिद्धांत साहू को निलंबित कर दिया गया। CM बोले- अधिकारी बैठक की जगह, जमीनी स्थिति का जायजा लें FDDI ऑडिटोरियम में मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत अब हर शुक्रवार नियमित बैठक नहीं होगी। इस दिन जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी क्षेत्र में जाकर जमीनी स्थिति का जायजा लेंगे और लोगों से मिलेंगे। उनकी समस्याओं का मौके पर निराकरण सुनिश्चित करेंगे। ‘वर्षों से अटका प्रमोशन, हमने दिलाया अधिकार’ मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में अधिकारियों और कर्मचारियों की पदोन्नति का मामला कई वर्षों से लंबित था। सरकार बनने के बाद इसे प्राथमिकता देकर बाधाएं दूर की गईं। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों का हक हर हाल में दिलाया जाएगा। जो काम वर्षों तक नहीं हो पाया, वह कुछ ही दिनों में पूरा हो गया। ‘खिलते चेहरे सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि’ डॉ. यादव ने कहा कि कई विभागों में अधिकारी विभागीय पदोन्नति समिति (DPC) की प्रक्रिया तक भूल चुके थे। आज कर्मचारियों के चेहरों की खुशी सरकार के लिए सबसे बड़ा संतोष है। जिन कर्मचारियों का प्रमोशन बाकी है, सरकार उनका भी ध्यान रखेगी। भर्तियों पर भी सरकार का फोकस मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार सभी विभागों में पारदर्शी तरीके से भर्ती कर रही है। पुलिस विभाग में दो साल में 18 हजार पदों पर भर्ती होगी, जिसमें एक हजार ड्राइवर शामिल होंगे। इसके अलावा करीब 7 हजार प्रोफेसरों की भर्ती की गई है। स्कूल शिक्षा विभाग में 10 हजार से अधिक पद भरे गए हैं। उन्होंने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में सरकार करीब एक लाख भर्तियां कर चुकी है। आने वाले समय में ढाई लाख नई भर्तियां करने का लक्ष्य है। PM मोदी के नेतृत्व का किया जिक्र मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने पिछले 12 वर्षों में वैश्विक स्तर पर नई पहचान बनाई है। केंद्र और राज्य सरकार गरीब, किसान, महिला और युवाओं के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही हैं और ऐसे फैसले भी ले रही हैं, जिन्हें पहले लेने से हिचकिचाहट होती थी। पूर्व पार्षद के निवास पहुंचे मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने छिंदवाड़ा दौरे के दौरान पूर्व पार्षद स्व. लोकेश डेहरिया के निवास पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। शोक संतप्त परिजन से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। लोकेश की मौत के बारे में परिवार से चर्चा कर ढांढस बंधाया। बताया गया कि कुछ दिन पहले भोजन के बाद टहलने निकले लोकेश डेहरिया को हार्ट अटैक आया था, जिससे उनकी मौत हो गई थी। मुख्यमंत्री के साथ प्रभारी मंत्री राकेश सिंह और सांसद विवेक साहू भी उनके निवास पहुंचे और परिजन को ढांढस बंधाया। पत्रकार ने CPR देकर जान बचाई वहीं, शुक्रवार सुबह सीएम के काफिले की आवाजाही और वीआईपी मूवमेंट के दौरान एक युवक की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उसे मेडिकल कॉलेज लाया गया, जहां वह बेहोशी की हालत में था। अत्यधिक शराब पीने से वह हाइपोग्लाइसीमिया की स्थिति में पहुंच गया था। CMHO डॉक्टर सौरभ शर्मा ने बताया- मरीज का शुगर लेवल खतरनाक स्तर तक गिर गया था। अस्पताल लाने में थोड़ी भी देर होती तो उसकी मौत हो सकती थी। प्राथमिक इलाज के बाद उसकी हालत स्थिर है। उसे मेडिसिन वार्ड में भर्ती किया गया है। मुख्यमंत्री का प्रमुख कार्यक्रम ……………………………….. यह खबर भी पढ़ें क्लास-1 ऑफिसर, सालाना इनकम 19 लाख…बेटा EWS से मेडिकल ऑफिसर छिंदवाड़ा में प्रभारी CMHO डॉ. नरेश गोन्नाड़े के बेटे जितेश गोन्नाड़े के EWS प्रमाण पत्र और संविदा मेडिकल ऑफिसर पद पर नियुक्ति को लेकर शिकायत की गई है। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रमेश पोफली ने मुख्यमंत्री और आला अफसरों को दस्तावेजों के साथ शिकायत भेजकर प्रमाण पत्र की पात्रता और नियुक्ति प्रक्रिया की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। पढ़ें पूरी खबर…
