Homeछत्तीसगढ़BJP विधायक की गिरफ्तारी की मांग, तहसीलदार हड़ताल पर:अफसर को पीटने का...

BJP विधायक की गिरफ्तारी की मांग, तहसीलदार हड़ताल पर:अफसर को पीटने का आरोप, पीड़ित बोला-नार्को टेस्ट कराएं; टोप्पो ने कहा- जांच में सहयोग करेंगे

छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में भाजपा विधायक रामकुमार टोप्पो पर नायब तहसीलदार को पीटने का आरोप है। इसके विरोध में छत्तीसगढ़ कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ ने 1 जून से हड़ताल बुलाया है। भाजपा विधायक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर तहसीलदार और नायब तहसीलदार हड़ताल पर चले गए हैं। विधायक रामकुमार टोप्पो ने कहा था कि वे खुद गिरफ्तारी देंगे। हालांकि, सोमवार को भी गिरफ्तारी देंगे या नहीं, इस पर उन्होंने स्पष्ट नहीं किया है। मामले में पीड़ित राजापुर के नायब तहसीलदार तुषार मानिक ने मांग की है कि उनका और विधायक का नार्को टेस्ट कराया जाए। वहीं, विधायक ने भी जांच में सहयोग की बात कही है। सोमवार को तहसीलदारों ने सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत से मुलाकात की। इसके बाद सभी तहसीलदार और नायब तहसीलदार कलाकेंद्र मैदान में धरने पर बैठे रहे। पीसीसी चीफ दीपक बैज ने कहा कि सीएम मूकदर्शक बने हुए हैं। एक तरफ पूरे प्रसाशनिक अधिकारी धरने पर बैठे गए हैं। आम जनता के काम रुक गए। प्रदेश में 2 तरह का कानून चल रहा है। भाजपा के नेताओं को बचाने के लिए अलग कानून। जनता और विपक्ष के लिए अलग कानून। सीएम ये बताए कि रामकुमार टोप्पो की गिरफ्तारी होगी या नहीं। नायब तहसीलदार बोले- नार्को टेस्ट कराया जाए पीड़ित नायब तहसीलदार तुषार मानिक ने कहा कि उनका और विधायक रामकुमार टोप्पो का नार्को टेस्ट कराया जाए। नार्को टेस्ट से आरोपों की सच्चाई सबके सामने आ सकेगी, जब तक उचित कार्रवाई नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा। वहीं विधायक रामकुमार टोप्पो ने कहा कि वे सभी टेस्ट के लिए तैयार हैं और सभी जांच में सहयोग करेंगे। विवाद बढ़ने के बाद विधायक बैकफुट पर राजापुर के नायब तहसीलदार तुषार मानिक से 27 मई की शाम राजापुर में हुई मारपीट के मामले में बीजेपी विधायक रामकुमार टोप्पो सहित 10 समर्थकों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। शुक्रवार को विधायक रामकुमार टोप्पो ने कहा था कि वे सरगुजा आईजी के सामने गिरफ्तारी देंगे। विधायक अपने काफिले के साथ अंबिकापुर के लिए रवाना हुए, जहां मंगारी में उन्हें समर्थकों ने रोक लिया तो वे वापस सीतापुर लौट गए। विधायक देर रात तक रेस्ट हाउस में समर्थकों के साथ बैठे रहे। शुक्रवार देर शाम बीजेपी जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया सीतापुर पहुंचे और बीजेपी कार्यकर्ताओं से कहा कि मामला सीएम, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष तक पहुंच चुका है। अब मामला ऊपर से तय होगा। इसके बाद विधायक और समर्थक बैकफुट पर हैं। उन्होंने सोमवार को कोई शक्ति प्रदर्शन जैसा कार्यक्रम नहीं रखा है। जानिए क्या है पूरा मामला जानकारी के अनुसार मैनपाट की राजापुर उप तहसील में सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो की चचेरी बहन सीमा धनकी ने जमीन के शाखा शोध पत्र बनवाने के लिए 14 मई को फाइल जमा की थी।आरोप है कि नायब तहसीलदार तुषार मानिक और बाबू कई दिनों से उन्हें काम के लिए दफ्तर के चक्कर लगवा रहे थे। बुधवार (27 मई) को नायब तहसीलदार तुषार मानिक से उन्होंने फाइल पर हस्ताक्षर करने के लिए कहा तो वे भड़क गए और बोले कि तुम होती कौन हो, हस्ताक्षर करने के लिए कहने वाली। जाकर मैनपाट में हस्ताक्षर करा लो। आरोप है कि शाम करीब 6 बजे विधायक रामकुमार टोप्पो ने सीतापुर लौट चुके नायब तहसीलदार को वापस राजापुर बुलाया। इसके बाद नायब तहसीलदार तुषार मानिक के साथ विधायक रामकुमार टोप्पो और समर्थकों ने मारपीट की। सीतापुर एसडीएम फागेश सिन्हा ने बीच बचाव कर तुषार मानिक को बाहर निकाला। कांग्रेस बोली- भाजपाइयों की गुंडागर्दी कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने इसे भाजपाइयों की गुंडागर्दी बताया है। उन्होंने कहा कि सरकार के पास आम जनता तक पहुंचाने की कोई योजना ही नहीं है। इसलिए सुशासन तिहार में अधिकारियों को धमका रहे और अब अधिकारियों की पिटाई कर रहे। ये सरकार की नाकामी है, मुख्यमंत्री को जवाब देना चाहिए कि अपने विधायक को जेल भेजेंगे कि नहीं। जो आप चाहेंगे ऐसा नहीं होगा- टीएस पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। FIR दर्ज हुई है तो कोई न कोई घटना घटित हुई होगी। जिन माध्यम से आपको जनता ने जिम्मेदारी दी है, वहां आप मनमानी करने की अपेक्षा रखोगे तो वहां प्रजातंत्र नहीं रह जाता। आप आप चुने हुए प्रतिनिधि हैं। विधायक पर FIR, अफसर पर भी केस इस मामले में दोनों पक्ष पर काउंटर FIR हुई है। नायब तहसीलदार की शिकायत पर सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो और उनके समर्थकों के खिलाफ FIR दर्ज हुई है। शासकीय काम में बाधा डालने सहित मारपीट की धारा लगाई गई है। इसमें रामकुमार टोप्पो, यूसुफ, नाजिम राजा, पंकज गुप्ता सहित 10 लोगों के खिलाफ BNS की धारा 221, 221(1),132,191(2) के तहत केस दर्ज किया गया है। वहीं, MLA की बहन की शिकायत पर नायब तहसीलदार तुषार मानिक पर भी मामला दर्ज हुआ है। ………………… इससे जुड़ी यह खबर भी पढ़िए… सरगुजा में नायब तहसीलदार की पिटाई, BJP विधायक पर FIR: अधिकारी पर भी केस, बैज बोले- भाजपाई गुंडागर्दी कर रहे, CM जेल भेजेंगे या नहीं छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में BJP विधायक पर नायब तहसीलदार को पीटने का आरोप लगा है। आरोप है कि, सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो और उनके समर्थकों ने राजापुर उप तहसील के नायब तहसीलदार तुषार मानिक को पीटा, उनके कपड़े फाड़े। पढ़ें पूरी खबर…

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here